दहेज के लिए पत्नी की गला दबाकर हत्या
हिरणपुर (पाकुड़) थाना क्षेत्र के धोवाडांगा गांव में सोमवार की रात दहेज के लिए पति सुल्ता
हिरणपुर (पाकुड़) : थाना क्षेत्र के धोवाडांगा गांव में सोमवार की रात दहेज के लिए पति सुल्तान अंसारी, ससुर सुलेमान अंसारी व सुल्तान का दोस्त राजकुमार साहा ने मिलकर रहीमा बीबी (27) की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक हरिपद हांसदा व थाना प्रभारी बृजमोहन राम ने गांव पहुंच मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपित पति सुल्तान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की भाभी धोवाडांगा निवासी रजिया बीबी ने तीनों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मृतका की भाभी ने बताया कि दस वर्ष पूर्व रहीमा की शादी गांव के ही सुल्तान अंसारी के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। शादी के कुछ वर्ष गुजरने के बाद दोनों के बीच दहेज को लेकर विवाद शुरू हुआ। दहेज के लिए सुल्तान व उनके परिजन हमेशा रहीमा को प्रताड़ित करते थे। इससे रहीमा काफी परेशान रहती थी। रहीमा अपने मायके वालों को सारी बात बताती थी। घटना के दिन भी दहेज को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि सुल्तान ने पिता सुलेमान व अपने साथी राजकुमार से मिलकर रहीमा की गला दबाकर हत्या कर दी। सुबह गांव में हल्ला हुआ कि रहीमा की हत्या कर दी गई है। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस गांव पहुंच आरोपित पति सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया। जबकि सुल्तान के पिता सुलेमान व साथी राजकुमार साहा फरार हो गए हैं। थाना प्रभारी बृजमोहन ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी बचे दो आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसडीपीओ ने कहा कि फरार आरोपितों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।