खनन क्षेत्र में बढ़ी अपराधिक घटनाएं, दहशत में व्यवसायी
पाकुड़ हिरणपुर थाना क्षेत्र के सीतपहाड़ी बेलपहाड़ी मानसिंहपुर खनन इलाके में इन दिनो
पाकुड़ : हिरणपुर थाना क्षेत्र के सीतपहाड़ी, बेलपहाड़ी, मानसिंहपुर खनन इलाके में इन दिनों अपराधिक घटनाएं बढ़ गई है। इससे व्यवसायियों में दहशत है। पत्थर खदान व क्रशर की रखवाली करनेवाले कर्मियों में भी डर समाया है। इन घटनाओं में बढ़ोतरी होने से पुलिस की परेशानी भी बढ़ गई है। अक्टूबर माह में पांच अपराधिक घटनाएं हुई हैं। इसमें से पुलिस ने एक मामले का खुलासा किया है।
हालांकि अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस विभिन्न ठिकानों में लगातार छापेमारी कर रही है।
बता दें कि बदमाशों ने आठ अक्टूबर को कस्तूरी स्थित नूरजमाल शेख के क्रशर में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों ने करीब एक लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस का अभी तक हाथ खाली है। वहीं 25 अक्टूबर को बदमाशों ने बेलपहाड़ी स्थित गिरीश चंद्र मिश्रा के पत्थर खदान कार्यालय में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना में बदमाशों ने सीसीटीवी का मॉनीटर, इंवर्टर तथा बैटरी उड़ा लिए थे। इस मामले में पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने हिरणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर निवासी सोनू रविदास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना में शामिल दूसरा आरोपित पिटू साह फरार है। यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि बदमाशों ने पुन: 29 मई की रात मानसिंह पुर स्थित सफीकुल शेख के क्रशर में लूटपाट की। कर्मियों को बंधक बनाकर दो ट्रक के चालक से 60 हजार तथा मुंशी इबादुर से सात हजार रुपये लूट लिए। बदमाश क्रशर में खड़ी एक बाइक भी अपने साथ लेता गया। घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए बुधवार की रात पुलिस टीम ने तोड़ाई, मालपहाड़ी इलाके के कई ठिकानों पर छापेमारी की। सफलता नहीं मिली। थानेदार के अनुसार मोबाइल का लोकेशन मिला है। पुलिस उस पर काम कर रही है।
दो मामले में दर्ज नहीं हुई प्राथमिकी
हिरणपुर थाना क्षेत्र में अक्टूबर माह में तीन बड़ी अपराधिक घटनाएं हुई। इसके अलावा दो अन्य अपराधिक घटनाएं भी हुई। लेकिन थाना में मामला दर्ज नहीं किया गया। 9 अक्टूबर को सीतपहाड़ी में डब्ल्यू शेख के लेद में भी चोरी का असफल प्रयास किया गया। 18 अक्टूबर को मानसिंह पुर स्थित विकास चंद्रा के क्रशर में भी घटना को अंजाम दिया गया। विकास चंद्रा का मुंशी अताउल शेख से छिनतई का प्रयास किया गया। बदमाशों ने यहां फायरिग भी की। घटना की जांच करने पुलिस मानसिंह पुर पहुंची। सबसे अहम पहलू यह है कि उक्त दोनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
गश्ती में बरती जा रही लापरवाही
हिरणपुर थाना क्षेत्र के शीतपहाड़ी, बेलपहाड़ी, मानसिंहपुर खनन क्षेत्र है। इस इलाके में पत्थर खदान व क्रशर संचालित हो रहे हैं। पुलिस इन इलाकों में प्रभावपूर्ण तरीके से गश्ती नहीं कर रही है। संध्या व रात्रि गश्ती में लापरवाही बरती जा रही है। लोगों की मानें तो संध्या 5 व 6 बजे पुलिस अधिकारी व जवान पुलिसिया वाहन से घुमकर चले जाते हैं। प्रभावी ढंग से गश्ती नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है।
---------
वर्जन
पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राजीव रंजन सिंह, एसपी, पाकुड़