60 साल के बुजुर्ग ने नाबालिग से किया दुष्कर्म
नाबालिग के चाचा ने गांव के बुजुर्ग आरोपित राकीबुल शेख उर्फ लंगटा के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद से आरोपित फरार है।
महेशपुर (पाकुड़) : महेशपुर प्रखंड के एक गांव में 60 साल के बुजुर्ग ने एक 12 साल की बच्ची के साथ शुक्रवार देर शाम दुष्कर्म किया। इस मामले में नाबालिग के चाचा ने गांव के बुजुर्ग आरोपित राकीबुल शेख उर्फ लंगटा के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद से आरोपित फरार है।
घटना के संबंध में पीड़िता के चाचा ने बताया कि उसकी भतीजी शुक्रवार शाम छह बजे अपने घर के बगल में कृषि फार्म के पोखर के पास जलावन का लकड़ी चुनने गई थी। पीड़िता के माता पिता शहर गए हैं। इस वजह से बच्ची उनके पास रहती है। करीब आधे घंटे बाद उसकी भतीजी रोते हुए घर आई और घटना के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि वह पोखर के पास लकड़ी चुन रही थी। उसी समय राकीबुल शेख उर्फ लंगटा आया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी को बताया तो जान मारकर पोखर में फेंक देंगे। पीड़िता के चाचा ने इस घटना की जांच कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। महेशपुर थाना प्रभारी दिनेश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए पाकुड़ भेजा गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।