हर हाल में हासिल करें लक्ष्य : डीसी
जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलिया अभियान की शुरूआत हुई। पुराना सदर अस्पताल प्रांगण में उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने अभियान का उद्घाटन करते हुए कहा कि तीन दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाना है।
जागरण टीम, पाकुड़ : जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलिया अभियान की शुरूआत हुई। पुराना सदर अस्पताल प्रांगण में उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने अभियान का उद्घाटन करते हुए कहा कि तीन दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाना है। हर हाल में लक्ष्य हासिल करना है। अभियान के दौरान एक भी बच्चा खुराक पीने से वंचित न रहे। उपायुक्त सहित पुलिस अधीक्षक मणिलाल मंडल, सिविल सर्जन डा. रामदेव पासवान ने 0-5 वर्ष के बच्चे को खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
डीसी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों को समन्वय बनाकर काम करना पड़ेगा। ईमानदारी पूर्वक 0-5 वर्ष के बच्चों को खुराक पिलाएं। सिविल सर्जन डा. रामदेव पासवान ने बताया कि जिले भर में कुल 1115 बूथ बनाए गए हैं। 2230 वैक्सीनेटरों को पोलियो अभियान में लगाया गया है। 89 सब डिपो तथा 269 सुपरवाइजर को भी अभियान में जिम्मेदारी दी गई है। 1.87 लाख बच्चों को पोलियो खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिन 90 फीसद बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वैक्सीनेटर प्रथम दिन बूथ पर तथा दूसरे व तीसरे दिन घर-घर जाकर बच्चों को खुराक पिलाएंगे। इस मौके पर डीडीसी अनमोल कुमार सिंह, सीओ आलोक वरण केशरी, एसएमओ डा. सिरिश, डा. एसके झा सहित अन्य मौजूद थे। महेशपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अंचलाधिकारी रितेश कुमार जायसवाल ने पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। डीसी कुलदीप चौधरी, डीडीसी अनमोल सिंह, एसपी मणिलाल मंडल , डीपीआरओ महेश कुमार राम ने शहरग्राम, देवपुर गांव सहित अन्य गांवों में बने पोलियो बूथों का निरीक्षण किया। हिरणपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. मिहिर कुमार ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि इस बार 17400 बच्चों को पोलियो खिलाने का लक्ष्य दिया गया है।