पर्यटन स्थल नामुदाग के जंगल से मिला महिला का शव
संवाद सूत्र कुडू (लोहरदगा) लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के 27 नंबर रेलवे पुल नामुदा में महिला का शव मिला है।
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के 27 नंबर रेलवे पुल नामुदाग पर्यटन स्थल के लमकी टांड़ जंगल से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। शव देखने के बाद पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। साथ हीं कुडू थाना पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के 27 नंबर रेलवे पुल नामुदाग पर्यटन स्थल के लमकी टांड़ जंगल में रविवार को पुलिस ने 32 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। मवेशियों की चरवाही के लिए जंगल गए ग्रामीणों ने महिला का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है। अज्ञात महिला की लाश मिलने से लोगों में तरह- तरह की चर्चा है।
कुडू थाना प्रभारी अनिल उरांव का कहना है कि अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक रूप से देखने पर ऐसा लग रहा है कि दुपट्टा से गला दबाकर महिला की हत्या की गई है। महिला के साथ हत्यारे ने मारपीट भी की है। पुलिस अनुसंधान के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी। महिला के शव की पहचान कराने का प्रयास पुलिस द्वारा किया जा रहा है।