झारखंड में पंचायत के फरमान पर नाबालिग के हाथों पर डाला खौलता पानी
punishment to minor in Panchayat. नाबालिग लड़की पर चोरी का आरोप लगने पर पंचायत के फरमान से उसके दोनों हाथों पर गर्म पानी उड़ेल दिया गया।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की पर चोरी का आरोप लगने पर पंचायत के फरमान से उसके दोनों हाथों पर गर्म पानी उड़ेल दिया गया। इससे मासूम के दोनों हाथ झुलस गए।
बताया जा रहा है कि नाबालिग रांची में अपनी मौसी के यहां रहती है। वह विगत 30 अप्रैल को लोहरदगा स्थित अपने गांव में आई थी। गांव में वह अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई। उस समय घर में उसकी सहेली नहीं थी। वापस लौटने के बाद अगले दिन नाबालिग वापस रांची आ गई। पांच मई को नाबालिग फिर से अपने गांव लौटी तो ग्रामीणों ने पंचायत बैठाकर नाबालिग व उसके माता-पिता को बुलाया। कहा कि नाबालिग ने अपनी सहेली के घर से सात हजार रुपये चुराए हैं। लड़की ने आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। बावजूद इसके पंचायत में नाबालिग को सबक सिखाने के लिए गर्म पानी से उसके दोनों हाथ जलाने का निर्णय सुना दिया।
पंचायत कीडर से परिजन उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले गए। देर शाम उसे लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इंज्यूरी केस होने के बावजूद अस्पताल में पीडि़ता का कोई बयान दर्ज नहीं किया गया तो उसके माता-पिता ने अस्पताल कर्मियों से अपनी पीड़ा साझा की। मामला प्रेस की नजर में आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई और सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा की ओर से पीड़िता का बयान लिया गया। थाना प्रभारी ने पीड़िता के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानें, किसने क्या कहा
उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वह इस मामले में जांच करेंगे। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह एक बड़ा अपराध है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।
जय प्रकाश राणा, सदर थाना प्रभारी
---
उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वे मामले की जांच कराएंगे। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
- प्रियदर्शी आलोक, एसपी
---
पीड़िता की मां ने घर आकर उन्हें मामले की जानकारी दी थी। बैठक में कौन लोग थे, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
सुशांति उरांव, मुखिया-अरकोसा पंचायत।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप