मनी ईद मिलादुन्नबी, पौधरोपण कर दिया संदेश
लोहरदगा में मिलादुन्नबी मनी पौधरोपण कर दिया संदेश
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हजरत मोहम्मद (स.अ.) की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ईद मिलादुन्नबी का त्योहार मनाया। इस क्रम में सबसे पहले जामा मस्जिद में परचम कुशाई की गई। अंजुमन इस्लामिया के सदर फहीम कुरैशी और सेक्रेट्री फिरोज राही की उपस्थिति में परचम कुशाई का कार्यक्रम किया गया। ईदगाह रोड स्थित कब्रिस्तान में पौधरोपण करते हुए पौधरोपण को जीवन में एक संस्कृति के रूप में स्थान देने का संकल्प लिया गया। यहां पर अंजुमन के सदर फहीम कुरैशी, सेक्रेटरी फिरोज राही, जबारुल अंसारी सहित कई लोग मौजूद थे। अंजुमन ने कई कारणों से जुलूस नहीं निकालने का संकल्प लिया। हालांकि सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। अंजुमन के पदाधिकारियों ने सदर अस्पताल पहुंचकर मरीजों के बीच पल का भी वितरण किया। सभी ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। सभी वार्ड में घूम घूम कर मरीजों के बीच फल का वितरण किया गया।
साथ ही सभी को ईद मिलादुन्नबी की बधाई भी दी गई। मौके पर अंजुमन के सदर और सेक्रेटरी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का त्योहार हमें जीवन में आगे बढ़ने का प्रेरणा देता है। हम सभी को मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलते हुए नेकी और सहयोग की भावना को बल प्रदान करना चाहिए। दूसरों की सहायता करना और सच्चाई के रास्ते पर चलना हम सभी का दायित्व है। ईद मिलादुन्नबी का त्योहार हमें प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। कार्यक्रम में कई लोगों की उपस्थिति भी रही।