अंतिम सोमवारी पर भक्तों के जयकारे से गूंज उठा वातावरण
सोमवारी पर भक्तों के जयकारे से गूंज उठा वातावरण
अंतिम सोमवारी पर भक्तों के जयकारे से गूंज उठा वातावरण
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : सावन सोमवारी के मौके पर जिले भर में भगवान भोलेनाथ की भक्ति पूर्वक पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, जल, आदि से अभिषेक किया। शहर से लेकर गांव तक पूजा-अर्चना की गई। जिले के ऐतिहासिक शिव मंदिरों से लेकर खुले आसमान के नीचे विराज रहे भगवान भोलेनाथ की श्रद्धा पूर्वक पूरे भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने पूजा-अर्चना करते हुए सुख, शांति और समृद्धि को लेकर प्रार्थना की। लोहरदगा जिले के खखपरता शिव धाम, अखिलेश्वर शिव धाम, महादेव मंडा, बुढ़वा महादेव, कुटमु शिव मंदिर, ठाकुरबाड़ी मंदिर, बुढ़वा महादेव, देवी मंदिर, दुर्गा बाड़ी सहित विभिन्न शिवालयों में पूरी श्रद्धा भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना की। सबसे अधिक भीड़ खखपरता शिव धाम, अखिलेश्वर शिवधाम और महादेव मंडा में उमड़ पड़ी थी। सावन की अंतिम सोमवारी होने की वजह से लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करते हुए सभी के लिए प्रार्थना की है। शिव नाम से पूरा वातावरण गूंज रहा था। भक्ति की बयार बह निकली थी। चारों ओर शिव नाम ही सुनाई दे रहा था। बोल बम, हर-हर महादेव, जय-जय शिव शंकर आदि जयकारों से वातावरण गूंज उठा था। सावन के मौके पर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करते हुए प्रार्थना करने वालों की भीड़ लगी रही।