दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर में चार घायल, एक रिम्स रेफर
लोहरदगा : लोहरदगा-गुमला-रांची मुख्य पथ पर शहरी क्षेत्र के कस्तूरबा उच्च विद्यालय के समीप मंगलवार को
लोहरदगा : लोहरदगा-गुमला-रांची मुख्य पथ पर शहरी क्षेत्र के कस्तूरबा उच्च विद्यालय के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। इस दुर्घटना में कुल 4 लोग घायल हुए। इसमें से दो की स्थिति बेहद ¨चताजनक बनी हुई है। दुर्घटना में घायल दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायलों में से एक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत काफी खराब बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चारों लोग सड़क पर तड़प रहे थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को टेंपो से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि कुडू थाना क्षेत्र के ओपा गांव निवासी अजीत राम (29 वर्ष) अपने चचेरे भाई आशीष बादल (11 वर्ष) और चचेरी बहन सुधा कुमारी (6 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से बरवाटोली से पावरगंज की ओर आ रहे थे। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में जा रहे सेन्हा थाना क्षेत्र के डांडू गांव निवासी विनोद उरांव (30 वर्ष) की मोटरसाइकिल के साथ जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अजीत राम और विनोद उरांव को गंभीर चोट आई है। जबकि आशीष बादल और सुधा कुमारी को हल्की चोट आई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद विनोद उरांव को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। यह तो गनीमत रही कि इस दुर्घटना में आशीष और सुधा बाल-बाल बच गए। हालांकि दोनों दुर्घटना के बाद सड़क पर दूर तक घसीटते चले गए थे। अजीत का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।