विजय दिवस पर बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
लोहरदगा में विजय दिवस पर निकली प्रभातफेरी
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : 1971 में पाकिस्तान के साथ युद्ध में भारत की जीत की खुशी में सोमवार को सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर के विजय दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर विद्यालय के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाल कर खुशियां मनाई। पाकिस्तान के साथ हुए इस युद्ध में भारत के 1500 वीर सपूत शहीद हुए थे। मौके पर विद्यालय के बच्चों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए देश के प्रति समर्पण और सर्वाेच्च बलिदान के लिए तैयार रहने का संकल्प दुहराया। मौके पर विद्यालय के बच्चों ने घोष दल के साथ वंदेमातरम के नारों के साथ शहरी क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करते हुए लोगों को विजय दिवस के बारे में जानकारी दी। प्रभात फेरी के उपरांत वंदना सभा में विजय दिवस के बारे में प्रधानाध्यापक सुरेश चंद्र पांडे द्वारा विद्यार्थियों को इस युद्ध के बारे विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इस युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान को परास्त किया था। वहीं युद्ध में 1 लाख पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। इस युद्ध में गुमला निवासी शहीद अलबर्ट एक्का ने भी अपने प्राणों की आहुती देते हुए शहीद हो गए। इसी युद्ध का परिणाम था कि बंगलादेश का उदय हुआ। मौके पर गणेश प्रसाद ने कहा कि भारतवर्ष वीरों की भूमि रही है। हमारे सैनिक समय-समय पर अपने प्राणों की बलि देते हुए देश की सीमाओं को सुरक्षित रखा है। मौके पर अशोक सिंह, नंदकिशोर साहू, राजकुमार दीक्षित, महेंद्र मिश्र, कुशवाहा कांत, राजेश पांडेय, त्रिलोचन साहू, प्रमोद कुमार, सुनीता कुमारी, सरिता जायसवाल, लक्ष्मी देवी समेत विद्यालय की शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी व विद्यार्थी मौजूद थे।