तेज रफ्तार बाइक ने ट्रक में मारी टक्कर, एक की मौत
लोहरदगा में सड़क दुर्घटना में एक की मौत
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में भंडरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती मुड़कटी गांव आश्रम के समीप हवा की रफ्तार से एक बाइक सामने से आ रहे ट्रक में जा टकराई। जिससे मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद बेड़ो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची भेज दिया है। वहीं एक घायल को अपने साथ ले जाकर रांची क्षेत्र की किसी अस्पताल में इलाज करा रही है। जबकि एक दूसरा घायल फिलहाल भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत है। बताया जा रहा है कि रांची जिले के इटकी गांव निवासी कमल लोहरा का पुत्र सूरज लोहरा (25 वर्ष) और उसका मित्र सारवा उरांव का पुत्र बुधराम उरांव (23 वर्ष) पल्सर मोटरसाइकिल संख्या जेएच01एच-9780 से रांची से लोहरदगा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या सीजी05एसी-9200 को जोरदार ढंग से सामने से टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही सूरज लोहरा की मौत हो गई। जबकि बुधराम उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया। मोटरसाइकिल इतनी तेज रफ्तार से ट्रक के साथ टकराया था कि मोटरसाइकिल का आधा हिस्सा सामने से आ रहे टेंपो से जा टकराया। जिससे टेंपो भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में बोकारो जिला निवासी राजनाथ रजक का पुत्र विलास रजक (25 वर्ष) भी घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया गया। जबकि सूरज के शव और घायल बुधराम को बेड़ो थाना पुलिस एंबुलेंस से अपने साथ ले गई। घटनास्थल पर मौजूद लोग मोटरसाइकिल की हालत को देखकर ही दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगा रहे थे। काफी देर तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया है।