पहले दिन दो केंद्रों पर 200 सफाईकर्मियों को टीका देने का लक्ष्य
जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा जिले में शनिवार को कोविड-19 से बचाव को लेकर टीका को लेकर तैयारी पूरी हो गई है।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले में शनिवार को कोविड-19 से बचाव को लेकर टीका लगाया जाएगा। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सारी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोहरदगा में सफाई कर्मी को कोविड-19 का पहला टीका दिया जाएगा। पहले दिन दो केंद्रों में 200 लोगों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लोहरदगा शहरी क्षेत्र के समाहरणालय स्थित पुराने मेसो भवन को और कुडू प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को टीकाकरण केंद्र के रुप में चयनित किया गया है। वैक्सीनेशन के लिए एक केंद्र में दो वैक्सीनेटर और एक सुपरवाइजर होंगे। जबकि सिविल सर्जन डा. विजय कुमार पूरे टीकाकरण की निगरानी करेंगे। लोहरदगा को कोविड-19 से बचाव को लेकर कुल 314 व्हाइल वैक्सीन मिल चुका है। जिसे फिलहाल सदर अस्पताल परिसर स्थित टीकाकरण केंद्र में रेफ्रिजरेटर में निश्चित तापमान में सुरक्षित रखा गया है। एक व्हाइल में 10 लोगों को टीका दिया जाएगा। कुडू और लोहरदगा के लिए वैक्सीन को सुरक्षित रखा गया है। सीएस ने वैक्सीन और वैक्सीनेशन की तैयारियों की समीक्षा की है। साथ ही संबंधित अधिकारी और कर्मियों को जरुरी निर्देश दिए हैं। सिविल सर्जन डा. विजय कुमार ने बताया कि पहले दिन सबसे पहले टीका एक स्वच्छता कर्मी को लगाया जाएगा। इसके अलावे एक केंद्र में एक सौ लोगों को टीका दिया जाना है। इसके लिए सूची तैयार की ली गई है। सूची में शामिल लोगों को सूचित किया जा चुका है। केंद्र सरकार द्वारा टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के साथ ही यहां भी अभियान को शुरु कर दिया जाएगा। लोहरदगा में हर दिन एक 100 लोगों को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें लोहरदगा स्थित केंद्र में 146 स्वास्थ्य कर्मी, 65 सहिया, 134 सेविका, 126 सहायिका को टीका देने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें कुल 48 वायल वैक्सीन लगेगा। कुडू टीम को भी जरूरी निर्देश दिए गए हैं। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिसे टीका दिया जाएगा, उसे आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा। जिससे टीका से होने वाले किसी भी असर को देखा जाएगा।