डायन-बिसाही हत्या मामले में नौ आरोपित गिरफ्तार
डायन बिसाही के नाम पर हत्या मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : सेन्हा थाना क्षेत्र के झालजमीरा बड़का टोली गांव में सोमवार की रात डायन-बिसाही का आरोप लगा सहनई उरांव की ग्रामीणों द्वारा पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सेन्हा थाना प्रभारी सिद्धेश्वर महथा की अगुवाई में पुलिस टीम ने गांव पहुंच कर मामले में नामजद आरोपित धनकुमार उरांव, सुभाष उरांव, प्रदीप उरांव, बीरबल उरांव, संतोष उरांव, मुस्कु उरांव, धनी उरांव, शनीचरण उरांव व शनि उरांव को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मृतक के पुत्र एतवा उरांव ने गांव के 15 लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इधर इस मामले में सहनई उरांव के अंतिम संस्कार में देरी हुई। सबसे पहले सहनई उरांव के बड़े भाई का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद सहनई के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में गतिरोध उत्पन्न हो गया। ग्रामीणों ने शर्त रखी की पहले घटना को लेकर दर्ज कराई गई प्राथमिकी वापस लिया जाए नहीं तो उसका अंतिम संस्कार नहीं करने दिया जाएगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद सेन्हा प्रखंड के जिला परिषद सदस्य रामलखन प्रसाद और सेन्हा थाना प्रभारी सिद्धेश्वर महथा गांव पहुंचे। जिला परिषद सदस्य रामलखन प्रसाद ने ग्रामीणों से कहा कि अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें। कर्मा पर्व के बाद बैठक कर कई बिदुओं पर चर्चा की जाएगी। अंधविश्वास रोकने को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद ग्रामीण माने और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। थाना प्रभारी सिद्धेश्वर महथा ने कहा कि गांव में स्थिति सामान्य है। मृतक सहनई उरांव का अंतिम संस्कार हो चुका है।