प्रेम संबंध के संदेह में पत्नी व उसके प्रेमी की हत्या, पति ने किया आत्मसमर्पण
Murder of boyfriend and girlfriend in Lohardaga. झारखंड के लोहरदगा में प्रेम संबंध के संदेह में पत्नी व उसके प्रेमी की हत्या का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। झारखंड में लोहरदगा जिले के सदर थाना अंतर्गत रामपुर ऊपर टोली गांव में गुरुवार की रात प्रेम संबंध के संदेह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी प्रतिमा देवी और उसके कथित प्रेमी की हत्या कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित ने सदर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण भी कर दिया है। इसके बाद शुक्रवार की सुबह सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही, मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।
बताया जा रहा है कि रामपुर ऊपर टोली गांव निवासी अंदु साहू के पुत्र सागर साहू को संदेह था कि उसकी पत्नी प्रतिमा देवी और गांव के ही देवनाथ ठाकुर के पुत्र गणेश ठाकुर उर्फ छोटू के बीच प्रेम संबंध है। इस बात को लेकर दो माह पूर्व गांव में पंचायत भी बैठी थी, जिसमें हत्यारोपित सागर साहू ने आरोप लगाया था कि उसने गणेश और प्रतिमा को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा है। हालांकि पंचायत में यह आरोप को प्रमाणित नहीं कर पाया। कहा जा रहा है कि जब एक कमेटी बनाकर गणेश और प्रतिमा से अलग अलग पूछताछ की गई थी तो गणेश ने किसी भी प्रकार के प्रेम संबंध से इनकार किया था। हालांकि प्रतिमा ने यह स्वीकार किया था कि गणेश के साथ उसका प्रेम संबंध है।
घटना के बाद विलाप करते परिजन।
इसके बाद सागर पंचायत में इस बात पर अड़ा हुआ था कि गणेश और प्रतिमा को साथ रहने दिया जाए। वह प्रतिमा को अपने साथ नहीं रख सकता है। पंचायत के समझाने-बुझाने के बाद प्रतिमा को सागर वापस अपने साथ रखने को तैयार हो गया था। गुरुवार की रात सागर कहीं गया हुआ था, जब वह वापस लौटा तो गणेश और प्रतिमा को अपने ही घर में आपत्तिजनक अवस्था में पाया। जिसके बाद सागर अपना आपा खो बैठा। कमरे में रखी हुई लकड़ी से गणेश और प्रतिमा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद सागर ने कमरे को बाहर से ताला लगाकर खुद सदर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़।
घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह गांव के लोगों को मिली। इसके बाद घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओ जितेंद्र कुमार सिंह, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। मृतक के के परिजनों के रुदन से आसपास का माहौल गमगीन हो गया था। लोग आक्रोश में थे। कुछ समय तक तो लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी रोक रहे थे। बाद में सदर थाना प्रभारी के समझाने बुझाने पर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। कहा जा रहा है कि मृतक गणेश ठाकुर की शादी आगामी 15 मई को होने वाली थी। चंदवा के निंदरा गांव में गणेश ठाकुर की शादी तय हुई थी। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतक प्रतिमा देवी का एक पुत्र और एक पुत्री भी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप