लोहरदगा में बच्चा चोर का शोर मचाकर विक्षिप्त महिला को बुरी तरह पीटा, पुलिस ने बचाई जान Lohardaga News
विक्षिप्त महिला को गांव में इधर-उधर घूमते देखकर ग्रामीण चोर-चोर हल्ला कर एक जगह पर जुट गए और विक्षिप्त की पिटाई शुरू कर दी।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बदला पंचायत अंतर्गत आराहांसा गांव में मॉब लिंचिंग की शिकार होने से विक्षिप्त महिला बच गई। विक्षिप्त महिला बुधवार की रात भटककर गांव पहुंची। जिसके बाद गांव के लोगों ने बच्चा चोर समझकर उक्त महिला की पिटाई शुरू कर दी। बताया गया कि विक्षिप्त महिला को गांव में इधर-उधर घूमते देखकर ग्रामीण चोर-चोर हल्ला कर एक जगह पर जुट गए और विक्षिप्त की पिटाई शुरू कर दी। स्थानीय चौकीदार को जब इस बात की जानकारी मिली तो चौकीदार ने बुधवार की देर रात करीब 11 बजे इसकी सूचना सेन्हा थाना को दी।
जिसके बाद सेन्हा थाना सिद्धेश्वर महथा आराहांसा गांव निकलने से पहले स्थानीय मुखिया दिलीप उरांव को पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आराहांसा गांव में बच्चा चोरी का आरोप लगाकर ग्रामीण एक महिला की पिटाई कर रहे है, आप गांव आएं। पुलिस की सूचना पर मुखिया दिलीप उरांव भी आराहांसा गांव पहुंचकर महिला को ग्रामीणों के बीच से सुरक्षित निकालकर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में बंद कर लोगों को समझाया। कहा कि पुलिस आ रहा है उसे पुलिस को दे देंगे।
इधर चौकीदार की सूचना पर दल-बल के साथ सेन्हा थाना प्रभारी सिद्धेश्वर महथा आराहांसा गांव पहुंचकर विक्षिप्त महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। सेन्हा थाना प्रभारी ने कहा कि मुखिया की पहल और पुलिस की तत्परता से मॉब लिंचिंग की शिकार होने से महिला बच गई। थानेदार ने कहा कि ग्रामीणों की भीड़ बिना कुछ सोचे-समझे विक्षिप्त महिला की पिटाई कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिटाई करने वाले ग्रामीण शराब के नशे में लाठी-डंडा से लैस थे। ग्रामीण किसी की कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। थानेदार ने बताया कि मॉब लिंचिग की शिकार होने से बची घायल महिला को सेन्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेजा, जहां पर उक्त महिला का इलाज चल रहा है।