लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले प्रेमी युगल ने कुएं में कूदकर दी जान
suicide. झारखंड के लोहरदगा में लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले युवक-युवती ने कुएं में कूदकर जान दे दी।
लोहरदगा, जेएनएन। पिछले तीन साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले युवक-युवती ने रविवार की रात घर के समीप के एक कुएं में कूदकर अपनी जान दे दी। सोमवार की सुबह कुएं से दोनों का शव बरामद किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही, मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना पारिवारिक और आपसी विवाद में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि परिजन इस मामले में कुछ भी खुलकर नहीं कह रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गुमला जिले के सिसई थाना अंतर्गत डांड़ी कोचा गांव निवासी मोनिका उरांव (20) और लोहरदगा जिले के सदर थाना अंतर्गत हेसल बसार टोली निवासी स्वर्गीय रामविलास उरांव के पुत्र कृष्णा उरांव (22) के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों ने तीन साल पहले साथ रहने का फैसला लिया। लिव इन रिलेशनशिप के तहत दोनों हेसल बसार टोली में ही कृष्णा के घर में रहने लगे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हो रहा था। दो साल पहले मोनिका ने एक शिशु को जन्म दिया था। जन्म के छह दिन के बाद पीलिया की वजह से शिशु की मौत हो गई थी। इस बात को लेकर भी दोनों मानसिक परेशानी में थे।
इसी बीच, मोनिका फिर से गर्भवती थी। कहा जा रहा है कि रविवार की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पहले तो मोनिका घर से निकल कर बाहर चली गई, इसके बाद कृष्णा भी उसके पीछे-पीछे निकल गया। जब दोनों काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल पा रहा था। फोन लगाने पर कृष्णा का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था।
इसी बीच, सोमवार की सुबह घर के समीप ही कुएं के पास कृष्णा और मोनिका का चप्पल दिखाई दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक शैलेश प्रसाद दल बल के साथ हेसल बसार टोली पहुंचे। जहां ग्रामीणों के सहयोग से कृष्णा और मोनिका के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने परिजनों का बयान भी दर्ज किया है। हालांकि आत्महत्या के कारण के बारे में स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस मामले की जांच और अनुसंधान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।