Move to Jagran APP

महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़ने से रुकेगा पलायन : उपायुक्त

संवाद सूत्र सेन्हा (लोहरदगा) जिला प्रशासन की ओर से विशेष केंद्रीय सहायता मद से 34.60 लाख क

By JagranEdited By: Published: Thu, 20 Jan 2022 09:27 PM (IST)Updated: Thu, 20 Jan 2022 09:27 PM (IST)
महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़ने से रुकेगा पलायन  : उपायुक्त
महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़ने से रुकेगा पलायन : उपायुक्त

संवाद सूत्र, सेन्हा (लोहरदगा) : जिला प्रशासन की ओर से विशेष केंद्रीय सहायता मद से 34.60 लाख की लागत से सेन्हा प्रखंड मुख्यालय परिसर में निर्मित स्वेटर उत्पाद केंद्र का उद्घाटन गुरुवार को उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने फीता काटकर एवं स्वेटर सिलाई मशीन का बटन दबाकर किया। इससे पहले मुख्य अतिथि समेत आगत अतिथियों का स्वागत स्थानीय महिलाओं ने झारखंडी संगीत एव नृत्य से किया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि इस उत्पादन केंद्र के खुलने से स्थानीय महिलाओं को काफी फायदा होगा। महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़ने से पलायन भी रुकेगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से निर्मित स्वेटर को लोहरदगा जिले के सभी स्कूलों में दिया जाएगा। महिलाएं मेहनत ज्यादा करेंगे तो उद्योग बढ़ेगा और दूसरे जिले में भी स्वेटर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस उद्योग को जेएसएलपीएस द्वारा संचालित किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में 30 महिलाओं को स्वेटर बुनाई में लगाया गया है। इनके द्वारा बेहतर करने पर बगल के पुराना प्रखंड कार्यालय भवन में भी योजना को बढ़ाया जाएगा। गांव, घर में रोजगार मिले इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। इस स्वेटर उत्पादन केंद्र से जो महिलाएं जुड़ीं हैं उन्हें अधिक से अधिक संख्या में स्वेटर का उत्पादन करना होगा। बाजार की दिशा-दशा पहचान कर अपनी जगह बनानी होगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वावलंबी बनें, प्रतियोगिता के इस दौर में खुद को साबित करें। महिला उत्पादक समूह स्वेटर उत्पादन को व्यवसायिक रूप दें ताकि इस केंद्र में निर्मित स्वेटर रांची, गुमला, पलामू समेत आसपास के जिलों में भी बिक्री के लिए भेजा जा सके। उपायुक्त ने स्वेटर उत्पाद केंद्र में लगे मशीन, कच्चा माल, आयरन देने के स्थान और कटिग स्थान आदि की बारीकी से उपायुक्त ने निरीक्षण किया। स्वेटर बुनाई करने वाली महिलाएं काफी हर्षित मुद्रा में नजर आई। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अरविद कुमार लाल, जिला योजना पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार, जेएसएलपीएस के डीपीएम प्रकाश रंजन, एपीआरओ आशीष कुमार, डीसी के आंशुलिपिक बालकिशोर नाथ शाहदेव, जयन्त कुमार कंडुलना, डॉ दिव्या निशि, पूनम कुमारी, मास्टर ट्रेनर दिलेश्वर भगत समेत बड़ी संख्या में प्रगति महिला उत्पादक समूह सेन्हा की सदस्य उपस्थित रहीं। स्वेटर के साथ दस्ताना-टोपी, मफलर भी बनाएं : एसडीओ

loksabha election banner

सेन्हा प्रखंड मुख्यालय परिसर में निर्मित स्वेटर उत्पाद केंद्र के उद्घाटन मौके पर एसडीओ अरविद लाल ने कहा कि स्वेटर के साथ-साथ हाथ का दस्ताना, मौजा, टोपी, मफलर आदि भी बनाकर कार्य को बढ़ाएं। इससे इस कार्य क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को जरूरत के सामान मिल जाएंगे। इस पर निगरानी रखकर कार्य को आगे बढ़ाएं और स्वावलंबी बनें। उन्होंने कहा कि स्वेटर उत्पाद केंद्र में 34 लाख रुपये का उपकरण एवं सामग्री लगाया गया है। इसके लिए 10 लाख रुपया खर्च कर भवन की मरम्मत कार्य जिला परिषद से कराया गया है। इस स्वेटर निर्माण केंद्र में प्रगति महिला उत्पादक समूह, सेन्हा की कुल 30 महिलाएं स्वेटर निर्माण का कार्य करेंगी। इन सभी ग्रामीण स्वराज प्रशिक्षण संस्थान की ओर से प्रशिक्षण दिया गया है। लोहरदगा जिले में अब दो उत्पादन केंद्र :

उपायुक्त ने कहा कि इस स्वेटर उत्पादन केंद्र के खुलने के बाद अब लोहरदगा जिले में दो उत्पादन केंद्र हो गए हैं। जिसमें जेएसएलपीएस की महिला स्वयं सहायता की सदस्य जुड़ी हुई हैं। इससे पहले किस्को प्रखंड कार्यालय के पुराने भवन में औद्योगिक सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया जा चुका है। जहां पर सफलता पूर्वक स्कूली पोशाक का निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। सफल संचालन की जरूरत :

उपायुक्त ने कहा कि स्वेटर निर्माण केंद्र के सफल संचालन की आवश्यकता है। इससे पहले लोहरदगा जिले में 90 के दशक में दूध उत्पादन, पापड़, अचार उत्पादन में महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं काफी अच्छा काम कर रही थीं, लेकिन बेहतर संचालन के अभाव में यह बिखर गया। लोहरदगा जिले में अब फिर से काफी अच्छे कार्य हो रहे हैं। इसे बढि़या तरीके से संचालन किया जाए तो ना सिर्फ आपकी आमदनी बढ़ेगी बल्कि आपका जीवन स्तर भी सुधरेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.