सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, चार घायल
जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा-किस्को मुख्य पथ में सदर थाना क्षेत्र के ओयना डंपिग यार्ड
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा-किस्को मुख्य पथ में सदर थाना क्षेत्र के ओयना डंपिग यार्ड के समीप सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक, दो महिला और एक बच्चा सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया था, परंतु शराब के नशे में धुत था और कुछ दूर जाने के बाद फिर से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर शाम लोहरदगा जिले के किस्को थाना क्षेत्र के नावाडीह का रहने वाला एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से लोहरदगा से किस्को की ओर जा रहा था। इसी दौरान लोहरदगा-किस्को मुख्य पथ में ओयना गांव स्थित कचरा डंपिग यार्ड के समीप विपरीत दिशा से कुछ महिलाएं और बच्चे ब्राह्मणडीहा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल चालक ने शराब के नशे में धुत होकर महिलाओं और बच्चों को जोरदार ढंग से टक्कर मार दी। इस घटना में ब्राह्मणडीहा डउह टोली निवासी तुलसी उरांव की पत्नी सरिता उरांव ( 54 वर्ष), अलगडीहा का रहने वाला एक बच्चा, डउह टोली ब्राह्मणडीहा की एक महिला और कुटमू कॉलनी की रहने वाली एक महिला और मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर इलाज के क्रम में सरिता की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला का सिर फट गया है। बच्चे का हाथ टूट गया है और एक अन्य महिला भी घायल हुई है। मोटरसाइकिल चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कहा जा रहा है कि घटना के बाद मोटरसाइकिल चालक मोटरसाइकिल लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, परंतु कुछ दूर जाने के बाद वह फिर दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।