सरकार के आदेश पर पहले जताया विरोध, अब जता रहे आभार
जागरण संवाददाता लोहरदगा छठ महापर्व को लेकर राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन को लेक
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : छठ महापर्व को लेकर राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन को लेकर हिदू धर्म संगठनों में उबाल देखा गया। हिदू धर्म संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी सरकार द्वारा पूर्व में जारी आदेश को लेकर विरोध जताया। हालांकि मंगलवार की देर शाम राज्य सरकार द्वारा आदेश में संशोधन करने के बाद लोगों में खुशी देखी जा रही है। राज्य सरकार के आदेश में संशोधन को लेकर लोग सरकार का आभार जता रहे हैं। इससे पहले मंगलवार की सुबह केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने पूर्व विधायक कमल किशोर भगत, समिति के अध्यक्ष सुमित राय की अगुवाई में कई कार्यकर्ताओं और धर्म, संगठन के प्रतिनिधियों ने शहर के गुदरी बाजार हनुमान मंदिर के समीप प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इसके बाद शहर के ठकुराइन तालाब में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार से आदेश वापस लेने की मांग की थी। लोहरदगा जिले के राजनीतिक कार्यकर्ता आलोक कुमार साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्वीट कर सरकार से गाइडलाइन में संशोधन करने की अपील की थी। हिदू धर्म संगठन जय श्रीराम समिति ने राज्य सरकार के आदेश के खिलाफ बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की घोषणा कर दी थी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भी राज्य सरकार के आदेश के खिलाफ जमकर आलोचना की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष मनीर उरांव, भाजपा नगर अध्यक्ष अमरेश भारती सहित अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने सरकार के आदेश को जन भावना के खिलाफ बताया। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा छठ घाट में प्रदर्शन भी किया गया था। मंगलवार की देर शाम राज्य सरकार द्वारा जैसा ही आदेश में संशोधन किया गया, वैसे ही लोगों में खुशी देखी गई। लोगों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही छठ महापर्व को लेकर लोग अपने-अपने तरीके से तैयारियों में जुट चुके हैं।