जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा शहरी क्षेत्र के कई घरों में गुरुवार की रात अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दीपावली पर चोरों ने दूसरों के घरों में सेंधमारी कर अपना घर भरने की कोशिश की है। लोहरदगा शहरी क्षेत्र में कई घरों के ताले तोड़े दिए हैं। हजारों रुपये नकद और सामान की चोरी की गई है। संजय गांधी पथ में तीन घरों में और बीएस कालेज एरिया जुरिया में भी चोरी की घटना हुई है। चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना के अवर निरीक्षक संतोष कुमार के साथ एसडीपीओ जितेंद्र कुमार सिंह संजय गांधी पथ में चोरी की घटना की जांच के लिए मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। साथ ही प्रभारी थानेदार सन्नी कुमार को चोरों के धरपकड़ को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। शहरी क्षेत्र में चोरी की घटना से आम लोग दहशत में हैं। बताया जाता है कि शहरी क्षेत्र के संजय गांधी पथ निवासी मनोज कुमार सिन्हा के घर का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मनोज कुमार सिन्हा का परिवार फिलहाल रांची में है। घर में एक किरायेदार रहता था। जो घटना के एक दिन पहले ही घर खाली किया था। इसी बीच मकान खाली पाकर चोरों ने घर के कई कमरों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे आलमीरा और बक्सा को तोड़ डाला। साथ ही सामानों को तितर-बितर कर दिया। हालांकि यहां से चोरों को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। चोरों ने इसी मोहल्ला के महजू उरांव के घर में ताला तोड़ा। उनके घर में रहकर स्कूली बच्चे पढ़ाई करते थे। लाकडाउन के बाद से घर में कोई नहीं था। घर को खाली पाकर यहां भी चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया। चोरों ने घर के भीतर सामान बिखेर दिया। चोरों ने सरोज वर्मा के नवनिर्मित घर में ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस क्रम में मोटर पंप का तार काटकर चोर ले गए। वहीं सदर थाना क्षेत्र के जुरिया कटहल टोली गांव निवासी सुरेश ठाकुर के पुत्र निलेश कुमार के घर में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यहां भी चोरी की घटना को अंजाम दिया है, जिसमें लैपटॉप और 5000 नकद रुपये की चोरी कर ली। सभी स्थानों पर चोरों ने आसपास के घरों के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिए थे। जिसे किसी प्रकार की आवाज होने पर कोई घर से बाहर नहीं निकल पाए। एक ही रात में चोरों की कई घटनाओं ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं।
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे