Move to Jagran APP

नवविवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, दहेज हत्या का आरोप

संवाद सूत्र कैरो (लोहरदगा) लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के गाराडीह गांव में गुरुवा

By JagranEdited By: Published: Fri, 13 Nov 2020 08:51 PM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2020 08:51 PM (IST)
नवविवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, दहेज हत्या का आरोप
नवविवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, दहेज हत्या का आरोप

संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के गाराडीह गांव में गुरुवार की रात नवविवाहिता की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कैरो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि कैरो थाना क्षेत्र के गाराडीह गांव निवासी एकबाल खान की पुत्री चांदनी खातून (19 वर्ष) का विवाह तीन माह पहले गाराडीह गांव के ही कलाम अंसारी के पुत्र गुलसाद अंसारी के साथ हुआ था। कथित तौर पर गुलसाद ने बंडा गांव से चांदनी को भगाकर कोर्ट मैरेज किया था। इसके बाद चांदनी अपने ससुराल में रह रही थी। चांदनी के चाचा एकरार खान का कहना है कि चांदनी और गुलसाद की शादी के बाद उन लोगों का चांदनी के साथ कोई संबंध नहीं था। चांदनी से उनकी बात भी नहीं हो रही थी। इसी बीच चांदनी ने फोन कर बताया कि गुलसाद और उसके परिजन दो लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें लगातार प्रताड़ित भी किया जा रहा है। एक सप्ताह पहले दहेज की मांग को लेकर ही चांदनी का उसके ससुराल वालों के साथ झगड़ा हुआ था। इसी बीच गुरुवार की रात चांदनी के ससुराल वालों ने उन्हें खबर दी कि चांदनी की तबीयत खराब हो गई है। इसके बाद चांदनी को इलाज के लिए रांची के इटकी स्थित अस्पताल ले जाया गया था। चांदनी की हालत काफी खराब थी। इटकी स्थित अस्पताल में चिकित्सक ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया। चांदनी की मौत के बाद उसके पिता इकबाल खान ने कैरो थाना पुलिस को दहेज को लेकर चांदनी की हत्या जहर देकर किए जाने का आरोप लगाते हुए बयान दिया है। चांदनी के चाचा एकरार खान का कहना है कि यह सीधे-सीधे दहेज हत्या का मामला है। जबकि इस मामले में चांदनी के ससुर और गुलसाद अंसारी के पिता कलाम अंसारी का कहना है कि चांदनी की तबीयत खराब हो गई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। बीमारी से चांदनी की मौत हुई है। दहेज हत्या का कोई मामला नहीं है। इस मामले में कैरो थाना पुलिस जांच-पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.