श्रद्धा के साथ हुई महाअष्टमी की पूजा, पंडालों में उमड़े श्रद्धालु
जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा में शनिवार को दुर्गा महाअष्टमी की पूजा भक्तिभाव के साथ
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा में शनिवार को दुर्गा महाअष्टमी की पूजा भक्तिभाव के साथ की गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों के साथ-साथ भक्तों ने अपने-अपने घरों में भी माता के आठवें स्वरूप की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ माता की आराधना करते हुए परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना भी की। दुर्गा पूजा-पंडालों में सुबह से ही अनुष्ठान के लिए महिलाओं के साथ भक्तों की भीड़ लग गई थी। निर्धारित समय पर महाष्टमी की पूजा और संधि बलि की परंपरा अपनाई गई। सरकार द्वारा जारी निर्देशों के पालन करते हुए कई पूजा पंडालों में दुर्गा पूजा पूजा-अनुष्ठान के समय भक्तगण मास्क, सैनिटाइजेशन और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कियाख् तो कई स्थानों पर नियम का पालन नहीं हुआ। महाअष्टमी के पूजा के साथ सभी पंडालों का सौंदर्य निखर उठा है। माता का दरबार सज गया है।बेहद कम विद्युत साज-सज्जा के बावजूद पूजा पंडालों का सौंदर्य निखर रहा है। भक्ति गीत बजने से भक्ति की धारा बह रही है। भक्त माता के दर्शन को लालायित नजर आ रहे हैं। पूजा समितियों द्वारा सभी पूजा पंडालों में आवश्यक तैयारियां की गई हैं। जिससे कि सरकार के निर्देशों की अवहेलना न हो सके। पूजा समितियों द्वारा सरकार के निर्देशों के पालन के लिए कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 41 स्थानों पर माता की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। महासप्तमी के साथ पूजा पंडालों के पट खोल दिए गए थे। महाअष्टमी के दिन पूजा पंडालों में माता के दर्शन को लेकर भक्त कतारबद्ध होकर शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए पंडाल पहुंचे। महाअष्टमी पूजन के साथ ही पूजा पंडालों में भक्तों का पहुंचना और भी ज्यादा प्रारंभ हो चुका है। जिला पुलिस प्रशासन के अधिकारी और जवान मुस्तैद नजर आ रहे हैं। विभिन्न पूजा पंडालों में पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में भी दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर है। अधिकारियों की टीम ने पूजा-पंडालों का निरीक्षण किया है। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति द्वारा भी विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया है। जिला और पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महाअष्टमी पूजन के बाद अब महानवमी को भी माता के दर्शन को लेकर भक्तों उमड़ेंगे। महाअष्टमी पूजन के बाद कई स्थानों पर नौ कन्याओं को भोजन कराया गया। पूजा-अर्चना की गई, साथ ही दान-पुण्य करते हुए हवन भी किया गया है। कई लोग महानवमी के दिन भी माता के स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन करेंगे। माता की आराधना से भक्ति की धारा बह रही है। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आ रहा है। सुरक्षा के कड़े हैं इंतजाम
लोहरदगा : लोहरदगा जिले के विभिन्न पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर जिला पुलिस बल के जवानों को दंडाधिकारी के नेतृत्व में तैनात किया गया है। किसी प्रकार की असुविधा न हो और महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े, इसको लेकर पुलिस बल के जवानों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। पूजा आयोजन को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से तमाम कार्यक्रम संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही सक्रिय थी। प्रशासन द्वारा दिन-रात सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। लगातार कंट्रोल रूम के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। नौ कन्या पूजन का हुआ आयोजन
लोहरदगा : श्रद्धालुओं द्वारा महाअष्टमी पूजन के उपरांत नौ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव के साथ नौ कन्याओं को भोजन कराते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किया। साथ ही नौ कन्याओं से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना भी की। जिले के अलग-अलग स्थानों में इस प्रकार का भक्ति पूर्ण माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु नौ कन्याओं में माता के नौ रूपों का दर्शन करते हुए आराधना कर रहे थे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो चुका था। हालांकि महानवमी के दिन रविवार को भी कई स्थानों पर पूजा आयोजन किया जाएगा।