महा शिवरात्रि आज, शिवालयों में उमड़ेंगे भक्त
महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को जिले भर के शिवालयों में पूजा-अनुष्ठान को लेकर भक्त उमड़ पड़ेंगे। भक्तों की लंबी कतार शिवालयों में लगेगी।
लोहरदगा : महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को जिले भर के शिवालयों में पूजा-अनुष्ठान को लेकर भक्त उमड़ पड़ेंगे। भक्तों की लंबी कतार शिवालयों में लगेगी। महा शिवरात्रि को लेकर पूजा समितियों द्वारा शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाने-संवारने के अलावे पूजा की अन्य तैयारियां भी की गई है। सुबह से ही शिवालय हर-हर महादेव, बोल बम के नारों से गूंज उठेंगे। शिवालयों में पूजा-अर्चना करने को लेकर सुबह से ही महिलाओं और युवतियों की भीड़ भी उमड़ेगी। विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय पुलिस-प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले के सदर प्रखंड के खखपरता शिव धाम, भंडरा प्रखंड के अखिलेश्वर शिव धाम, कुडू प्रखंड के महादेव मंडा, कैरो के महादेव मंडा, शहरी क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी, ठाकुरबाड़ी, पावरगंज देवी मंदिर, बुढ़वा महादेव, कुटमू शिव मंदिर सहित अन्य स्थानों में पूजा-अर्चना को लेकर भक्तों की कतार लग जाएगी। स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस इंतजाम किए गए हैं। मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की नजर रहेगी। शहर के बुढ़वा महादेव मंदिर में सबसे अधिक भीड़ पूजा-अर्चना को लेकर भक्तों की उमड़ती है। इसके अलावा सदर प्रखंड के खखपरता शिव मंदिर और भंडरा प्रखंड के अखिलेश्वर शिव मंदिर में भी भक्तों की काफी भीड़ पहुंचती है। इस मौके पर भंडारे का भी आयोजन किया जाता है। महादेव का दूध और जल के साथ अभिषेक किया जाता है। पारंपरिक रूप से ध्यान, प्रार्थना और आरती के माध्यम से भगवान को प्रसन्न कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। चंदन, अक्षत, पुष्प, धूप-दीप, धतूरा आदि से भगवान को प्रसन्न किया जाता है। शिवरात्रि के मौके पर शहर के ईस्ट गोला रोड में शिव बारात भी निकलती है। जहां पर भक्तगण झूमते-गाते हुए शिव बारात में शामिल होते हैं। यहां पर भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है। फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को महाशिवरात्रि के महापर्व के मौके पर भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है।