जलजमाव से त्रस्त ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा-रांची मुख्य पथ पर भंडरा प्रखंड मुख्यालय में लंबे समय से जलजमाव की समस्या झ
भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा-रांची मुख्य पथ पर भंडरा प्रखंड मुख्यालय में लंबे समय से जलजमाव की समस्या झेल रहे लोगों के सब्र का बांध आखिरकार टूट ही गया। जलजमाव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने बुधवार को बेड़ो-लोहरदगा मुख्य पथ को भंडरा में एक घंटे तक जाम रखा। जाम के दौरान परिस्थितियों से परेशान एक युवक केरोसिन की बोतल लेकर आत्मदाह करने पहुंच गया। युवक का कहना था कि बारिश होने पर उसके घर में खड़े होने के लिए भी जगह नहीं रह जाती है। वह और उसका परिवार नारकीय स्थिति झेलने को विवश हैं। सड़क जाम की सूचना मिलते ही भंडरा थाना के अवर निरीक्षक सहरु उरांव व सअनि राजकुमार बैठा ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाया। साथ ही सड़क जाम में प्रयुक्त बांस व बेंच को जब्त कर अपने साथ थाना ले गए। इधर सड़क जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। ज्ञात हो कि प्रखंड बस्ती में हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की स्थिति उत्पन हो जाती है। जिससे प्रखंड मुख्यालय स्थित उरांव बस्ती, मेन रोड, थाना रोड बस्ती के ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इधर केरोसिन लेकर सड़क जाम करने पहुंचे शक्ति उरांव का कहना था कि नाली की समुचित व्यवस्था नही रहने से दिन पर दिन जलजमाव से हमलोगों का घर गिरने लगा है। प्रखंड प्रशासन के साथ-साथ अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री जनसंवाद में भी अपनी बात रख चुके है। बावजूद भंडरा में जलजमाव की समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं प्रखंड प्रशासन द्वारा प्रखंड बस्ती में नाली की सफाई के नाम पर नाली की आधी-अधूरी सफाई करके छोड़ दिए जाने से भी लोग आक्रोशित हैं। बुधवार को हुई तेज बारिश से जलजमाव का पानी मुन्ना ठाकुर, बबलू ¨सह, शक्ति उरांव, सोनू, जितेंद्र राम, बाबूलाल राम सहित कई लोगों के दुकान में घुस गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।