विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, गांव में मातम
खेतों की सिंचाई करने के दौरान हुई घटना
विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, गांव में मातम
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के खरता गांव में सिंचाई कार्य के दौरान के विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जाता है कि खरता गांव में बिरसा टाना भगत के पुत्र विजय टाना भगत (50 वर्ष) व तेतरी टाना भगताईन (48 वर्ष) अपने खेत में बिजली से पटवन का कार्य कर रहे थे। इसी क्रम में दोनों बिजली करंट की चपेट में आ गए। जिसके कारण घटना स्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। पति-पत्नी की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के पांच बच्चे हैं। मौके पर बच्चों ने बताया कि विजय टाना भगत और तेतरी टाना भगताईन रविवार को हले सुबह ही अपने खेतों में पटवन करने के लिए खरता गांव स्थित नगड़ा कुआं के समीप गए थे। इसी दौरान विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में विजय टाना भगत आ गए। जिसे छुड़ाने के चक्कर में पत्नी तेतरी टाना भगताईन भी चपेट में आ गई। इससे दोनों की मौत घटना स्थल पर हीं हो गई। इस वारदात की सूचना ग्रामीणों ने कैरो थाना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची कैरो थाना पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। साथ ही मामले में अनुसंधान के साथ आगे की जांच-पड़ताल जारी रखा है।