जय श्री राम, जय हनुमान के जयकारों से गूंजा चिपो गांव
लोहरदगा में नवाहन परायण यज्ञ का आयोजन
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : प्रखंड के चिपो गांव में आयोजित श्री रामचरितमानस नवाह्न परायण यज्ञ का शुभारंभ बुधवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा नदी नगड़ा नदी से प्रारंभ होकर चिपो गढ़टोली देवी मंडप के समीप यज्ञ मंडप में पहुंच कर संपन्न हो गया। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने नदी से जल उठा कर पूरे गांव की परिक्रमा करते हुए जयकारा लगा रहे थे। चिपो गांव जय श्रीराम व जय हनुमान के जयकारे से गूंज उठा। यज्ञ मंडप में विधिवत रूप से पूजा-अर्चना के बाद कलश स्थापना किया गया। मौके पर अयोध्या, वृंदावन आदि स्थानों से जुटे महंतों द्वारा कलश स्थापना के बाद धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराई गई। चिपो गांव में 26 फरवरी से 7 मार्च तक चलने वाले यज्ञ में रासलीला, विद्वानों का प्रवचन, रामलीला सहित कई धार्मिक कथाएं सुनाई जाएगी। कलश यात्रा में पूर्व विधायक कमल किशोर भगत भी शामिल होकर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना किया। मौके पर यज्ञाचारु रमेश देव पौराणिक, अयोध्या से आए कोठारी बाबा, नंदलाल दास, अभिषेक पांडे, अवध पांडे, रघुनाथ दास के अलावे यज्ञ कमिटी के मिथिलेश यादव, अशोक यादव, सुरेश यादव, बजरंग यादव, सुखलाल यादव, आदित्य कुमार, राजेश कुमार आदि मौजूद थे।