जन स्वास्थ्य सर्वे का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
जागरण संवाददाता लोहरदगा लोहरदगा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे जन स्वास्थ्य सर्वे का अधिकारियों ने निरीक्षण किया है।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे जन स्वास्थ्य सर्वे का शनिवार को अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस क्रम में अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में लगे शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया। इस क्रम में किस्को प्रखंड विकास पदाधिकारी ने खरकी पंचायत के सेमरडीह में लगे शिविर का निरीक्षण किया। भंडरा में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा पंडरिया, कचमची, तेतरकोपा और भैसमुंदो में शिविर का निरीक्षण किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मनीषा तिर्की ने कैरो प्रखंड के उतका में शिविर का निरीक्षण की। कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम ने सेन्हा प्रखंड के आराहांसा, अंचल अधिकारी लोहरदगा परमेश कुशवाहा ने मन्हो व कुजरा, अंचल अधिकारी कैरो ने उतका में चल रहे शिविर का निरीक्षण किया। पदाधिकारियों द्वारा जांच शिविर में अधिक से अधिक लोगों की जांच कराने के लिए अपील कर जागरूक भी किया गया।