नक्सलियों के आइईडी ब्लास्ट में एक ही परिवार के तीन लोग घायल
blast. झारखंड के लोहरदगा में नक्सलियों के आइईडी ब्लास्ट में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। घोर नक्सल प्रभावित असनापानी जंगल (लोहरदगा, झारखंड) में मंगलवार को दिन के उजाले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के दस्ते ने आइईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) ब्लास्ट किया। इसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए।
घायलों में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है। घायलों में से पुरुष का कोई पता नहीं चल रहा है, जबकि महिला और बच्चे गुमला जिले के बिशनपुर थाना पहुंच चुके हैं। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी है। सुदूरवर्ती जंगली और नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस अपने सूत्रों के माध्यम से इस वारदात की पड़ताल और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि असनापानी गांव निवासी मलेश्वर नगेशिया अपनी पत्नी सुगन नगेशिया और बेटा पुनीत नगेशिया के साथ कौवाडांड़ से पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान असनापानी जंगल के समीप नक्सलियों ने आइईडी ब्लास्ट कर दिया, जिसकी चपेट में आने से मलेश्वर के दोनों पैर उड़ गए। सुगन और पुनीत भी घायल हो गए।