Lok Sabha Election 2019: भाजपा ने आदिवासियों को लूटने का काम किया है : हेमंत
Lok Sabha Election 2019. गुमला में सुखदेव भगत के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों को हमेशा लूटने और ठगने का काम किया है।
गुमला, जेएनएन। झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने आदिवासियों को हमेशा लूटने और ठगने का काम किया है। भाजपा की सरकार जुमले की सरकार है। वह जल-जंगल-जमीन पर कब्जा करना चाहती है। आदिवासियों को जमीन से बेदखल करना चाहती है।
गुरुवार को रायडीह के एसएस हाई स्कूल मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने यह बात कही। कहा कि गुजरात के लाल, जिन्हें नरेंद्र मोदी के नाम से जानते हैं, उन्होंने देश को बर्बाद करने का काम किया है।
उन्होंने लोगों से देश को बर्बाद करने वाली पार्टी के उम्मीदवार सुदर्शन भगत की जमानत जब्त कराते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत को जिताने की अपील की। कहा कि यहां के मुख्यमंत्री ने आदिवासी मूलवासी की जमीन हड़पने के लिए सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन करने की कोशिश की थी जिसे जनता ने नाकाम कर दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री के जल-जंगल और जमीन पर किसी का पंजा नहीं मारने देने वाले बयान को सिर्फ जुमला करार दिया। उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि शौचालय बना है। उन्होंने झारखंड सरकार की उपलब्धियों को नकार दिया। सभा में मौजूद विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष आलमगीर आलम, बिशुनपुर के विधायक चमरा लिंड़ा और पूर्व विधायक भूषण तिर्की ने भी लोगों को संबोधित किया।
चमरा लिंडा ने कहा कि आदिवासियत खून से होती है। भाजपा सरकार धर्म के नाम पर आदिवासियों को तोडऩे का काम कर रही है। बिशुनपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष के नेता ने कहा कि झारखंडियों को नौकरी नहीं दी जा रही है। भाजपा की सरकार बाहरी लोगों को नौकरी दे रही है। उन्होंने जुमले की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है जबकि महागठबंधन दलितों-गरीबों के लिए बना है। आलमगीर आलम ने कहा कि पांच साल में कोई विकास नहीं हुआ है। लूटने का काम हुआ है। देश का विकास सिर्फ कांग्रेस ही कर सकता है। विधायक चमरा लिंडा ने बिशुनपुर में कहा कि आदिवासी और ईसाई भाई है।
खून का रिश्ता है। सभी भाई-भाई थे। सरकार साजिश के तहत आदिवासियों को बांटना चाह रही है। सभी नेताओं ने लोगों से सुखदेव भगत के पक्ष में मतदान करने की अपील की।