भौंरो का पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकास : एसडीओ
संवाद सूत्र भंडरा (लोहरदगा) लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड के भौंरो गांव में सोमवार को
संवाद सूत्र, भंडरा (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड के भौंरो गांव में सोमवार को कोरोना गाइडलाइन का पालन कर शहीद पांडेय गणपत राय की 213वीं जयंती मनाई गई। इस दौरान जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, शहीद के स्वजनों ने शारीरिक दूरी का पालन कर भौंरो गांव स्थित शहीद स्मारक स्थल में स्थापित शहीद पांडेय गणपत राय की प्रतिमा में माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर एसडीओ अरविद कुमार लाल ने कहा कि भौंरो गांव शहीद पांडेय राय की धरती है। हमें उनके सपनों को पूरा करने के लिए संकल्प लेने की जरूरत है। जिला प्रशासन शहीद पांडेय गणपत राय के पैतृक गांव भौंरो को पर्यटन विकास के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रशासन इसके लिए कृतसंकल्पित है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्मारक स्थल में स्टेज व संग्रहालय बनाने को लेकर प्रपोजल तैयार किया जा रहा है। जल्द ही भौंरो गांव में सरकार की योजनाओं को लागू करते हुए गांव को समस्याओं से मुक्त किया जाएगा। मौके पर बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा, सीओ दिनेश प्रसाद गुप्ता, ओम सिंह, अजय पंकज, डॉक्टर नीरज कुमार, भास्कर सिन्हा, डॉक्टर राजेश लाल, डॉक्टर संगीता सिन्हा, डॉक्टर शव्या राय, संध्या रानी, संजय खत्री, किशोरी शर्मा, बालकृष्णा सिंह सहित ग्रामीण मौजूद थे। गांव का हो अपेक्षित विकास : वंदना
भंडरा (लोहरदगा) : मौके पर शहीद पांडेय गणपत राय की परपोती डॉक्टर वंदना राय ने कहा कि शहीद पांडेय गणपत राय के पैतृक गांव को आदर्श गांव के रुप में पहचान मिली है, परंतु आज भी गांव के ग्रामीणों को कई समस्याओं से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके लिए प्रशासन से समस्याओं को समाधान करने की अपील की है। समस्याओं को दूर करने का प्रयास करेंगे : राजेश्वर नाथ
भंडरा (लोहरदगा) : मौके पर झारखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग के उप सचिव राजेश्वर नाथ ने कहा कि शहीद पांडेय गणपत राय की जन्म स्थली भौंरो गांव आदर्श गांव है। गांव में जो भी समस्या है। उन समस्याओं को दूर करने का प्रयास करेंगे। इसके लिए उन्होंने प्रशासनिक स्तर से भी सहयोग करने की बात कही है। वैक्सीनेशन शिविर का हुआ आयोजन
भंडरा (लोहरदगा) : इस दौरान शहीद स्मारक स्थल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच सह वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ो की संख्या में ग्रामीणों ने शारीरिक दूरी का पालन कर स्वास्थ्य जांच कराया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गणेश लाल ने किया।