गंगा दशहरा पर देवनद दामोदर के उद्गम स्थल चूल्हापानी में हुआ अनुष्ठान
लोहरदगा में गंगा दशहरा दिवस का आयोजन
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : दामोदर बचाओ आंदोलन द्वारा दामोदर नदी के उद्गम स्थल चूल्हापानी में सोमवार को देवनद दामोदर महोत्सव गंगा दशहरा का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें गंगा दशहरा पर देवनद दामोदर के उद्गम स्थल चूल्हापानी में अनुष्ठान का आयोजन हुआ। शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कर पूजा-अर्चना की गई। नदी पूजन एवं आरती की गई। इस अवसर पर दामोदर बचाओ आंदोलन के जिला संयोजक बालकृष्णा सिंह ने कहा कि गंगा दशहरा कार्यक्रम हर वर्ष आएगा। अभी पूरा विश्व कोरोना संक्रमण से त्रस्त है। इस संक्रमण से हमें बचना है और हमें देश को बचाना होगा। इसलिए इस बार भव्य कार्यक्रम नहीं कराया गया और ना ही कीर्तन, भंडारा और ना ही मेला का आयोजन किया गया। हम सुरक्षित रहेंगे, तभी मेरा देश सुरक्षित रहेगा। दामोदर नदी का उद्गम स्थल चूल्हा पानी लोहरदगा जिला में है। यह हम लोगों के लिए सौभाग्य की बात है। इसे हमें हर हाल में संरक्षित रखना है। इस स्थल को हमेशा साफ-स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है। ताकि आने वाले समय में यह स्थान पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो। लोग चूल्हापानी को देखने आएं कि प्रकृति का वरदान एक पेड़ की जड़ से निकला पानी कैसे आगे चलकर विशाल दामोदर नदी का रूप धारण किया है। पूजा एवं आरती पंडित भोपाल पाठक द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में बालकृष्णा सिंह, राम स्वार्थ साहू, सुभाष यादव, जय नारायण प्रजापति, लाल गौरी शंकर नाथ शाहदेव, रघु गंझू, लाल गौरी शंकर नाथ शाहदेव आदि मौजूद थे।