स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सहित पांच लोग कोरोना पॉजिटिव
लोहरदगा में पांच नए कोरोना पॉजिटिव मिले।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा : जिले में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव के पांच नए मामले मिले। इसमें स्वास्थ्य विभाग लोहरदगा के प्रमुख भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख भी शहरी क्षेत्र में संक्रमित युवक के संपर्क में आए थे। हालांकि पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सोमवार को फिर एक बार जांच पर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख इलाज के लिए तत्काल रांची रवाना हो चुके हैं। इसके अलावा बिहार के गया जिले में पुलिस विभाग में काम करने वाला कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। लोहरदगा सदर प्रखंड क्षेत्र का रहने वाला यह पुलिसकर्मी गया में पुलिस विभाग में काम करता है, जो छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। उसके सैंपल की जांच करने पर वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जबकि कुडू प्रखंड क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस व्यक्ति ने रांची के निजी लैब में सैंपल की जांच कराई थी। जिसमें उसके पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग उस व्यक्ति को कोविड-19 केयर सेंटर कुडू में भर्ती कराया है। तीसरा संक्रमित व्यक्ति प्रवासी कामगार है, जो विगत 4 जुलाई को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से लौटा था। इसके बाद उसे सिस्टम क्वारंटाइन में रखते हुए सैंपल की जांच ट्रू-नेट मशीन के माध्यम से की गई। जिसमें प्रवासी कामगार को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। प्रवासी कामगार सदर प्रखंड क्षेत्र का रहने वाला है। प्रवासी कामगार में कोरोना वायरस पॉजिटिव की पुष्टि के बाद उसे कुडू प्रखंड के चिरी स्थित कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। पॉजिटिव पाए गए प्रवासी कामगार के स्वास्थ्य पर विभाग नजर बनाए हुए है। वहीं शहरी क्षेत्र में पॉजिटिव मिला एक व्यक्ति 38 वर्ष का पुरुष है, जो शहरी क्षेत्र में विगत दिन पॉजिटिव आने वाले युवक के संपर्क में आया था। संक्रमित सभी असिम्प्टोमैटिक हैं। सभी की स्वास्थ्य की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। सभी संक्रमित कोविड-19 केयर सेंटर चिरी में शिफ्ट किए गए हैं।
जिले के पावरंगंज चौक में एक युवक के कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद अब तक उसके संपर्क में आने वाले छह लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख के अलावे दो व्यक्ति संक्रमित युवक के रिश्ते में मामा, एक ड्राईवर, एक बहन और एक स्टाफ शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख के पॉजिटिव की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सदर अस्पताल एक प्रकार से पूरी तरह से सील नजर आ रहा है।