दौड़ लगा कर पॉलीथिन कचरा उठाएंगे आम-खास
लोहरदगा में गांधी जयंती के अवसर पर फिट इंडिया के तहत तौड़ का आयोजन किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, लोहरदगा : लोहरदगा जिले के आम-खास दौड़ लगा कर बुधवार को महात्मा गांधी की जयंती पर कचरा उठाएंगे। गांधी जयंती पर फिट इंडिया प्लोरिग रन कार्यक्रम का बुधवार को आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी जिला जन संपर्क पदाधिकारी पलटू महतो ने दी। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के 150वीं जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम अंतर्गत गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं नगर के विभिन्न स्थानों पर फिट इंडिया प्लोगिग रन का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागी भागते हुए रास्ते में आने वाले घरों, गलियों एवं खुले स्थानों में प्लास्टिक कचरा उठाएंगे। यह दौड़ नगर भवन में समाप्त होगी। फिट इंडिया प्लोगिग रन कार्यक्रम की शुरूआत नदिया प्लस 2 उच्च विद्यालय मैदान से सुबह 9:30 बजे शुरू होगी। प्रतिभागी के रूप में जिले के पदाधिकारी, आम जनता, नदिया प्लस 2 उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राएं व शिक्षक शामिल होंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिभागियों के लिए चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। सभी गांवों में इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेवारी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सौंपी गई है।