लोहरदगा में यात्री रेलगाड़ी के इंजन में लगी आग, बड़ा हादसा टला
Fire in rail engine. झारखंड के लोहरदगा में यात्री रेलगाड़ी के इंजन में आग लग जाने से बड़ा हादसा टल गया।
संवाद सहयोगी, लोहरदगा। झारखंड में लोहरदगा-रांची रेल खंड में सदर थाना क्षेत्र के पंचागाई गांव के समीप गुरुवार को रेल इंजन में आग लग गई। ससमय आरएल टू के लोको पायलट की सक्रियता की वजह से बड़ा हादसा टल गया। लोको पायलट ने तत्काल रेल रोकते हुए अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग पर काबू पाया। साथ ही, मामले की सूचना रेल मंडल के तकनीकी अधिकारियों को भी दी।
इसके बाद रेल मंडल के अधिकारियों के परामर्श पर इंजन में आग लगने के कारणों की पड़ताल करते हुए न सिर्फ आग पर काबू पाया, बल्कि खराबी को दूर कर करीब आधे घंटे बाद रेल इंजन को यात्री रेल गाड़ी सहित रांची के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि आरएल टू लोहरदगा रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हुई थी। करीब पौने 8 बजे पंचागाई के समीप लोको पायलट को आभास हुआ कि इंजन के पहियों के समीप से धुआं निकल रहा है। जिसके बाद लोको पायलट ने तत्काल रेल रोक दी। इलेक्ट्रिक रेल इंजन होने की वजह से लोको पायलट ने बिना कोई रिस्क लिए इंजन रोकते हुए तत्काल अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग को बुझाया। साथ ही, मामले की सूचना रेल मंडल के अधिकारियों को दी।
रेल मंडल अधिकारियों के परामर्श पर खराबी को दूर करते हुए सुबह 8:13 में रेल को यात्री रेलगाड़ी सहित रांची के लिए रवाना किया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आग कैसे लगी थी। लोको पायलट की सक्रियता की वजह से बड़ा हादसा टल गया। बता दें कि इससे पहले भी लोहरदगा-रांची रेल गाड़ी में इस तरह का हादसा हो चुका है। लोहरदगा-रांची रेल खंड में इलेक्ट्रिफिकेशन के बाद रेल इंजन के ट्रायल के बाद पहली बार जब यात्री रेलगाड़ी इस ट्रैक पर दौड़ी थी, तो इसी तरह से रेल इंजन में आग लग गई थी। उस समय भी बड़ा हादसा टल गया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप