कुडू में 550 किलो गांजा के साथ आठ धराए
संवाद सूत्र कुडू (लोहरदगा) लोहरदगा जिले के कुडू थाना पुलिस ने गांजा की अवैध तस्करी के मामले में आठ लोग धराए।
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : लोहरदगा जिले के कुडू थाना पुलिस ने गांजा की अवैध तस्करी के मामले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। जिले के कुडू थाना क्षेत्र से एक ट्रक गांजा बरामद किया गया है। ट्रक में लगभग 550 किलो गांजा है। इसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की सूचना मिलने के बाद एनसीबी की तीन सदस्यीय टीम कुडू थाना पहुंची है। टीम के सदस्य हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। एनसीबी की टीम गांजा तस्करी में शामिल गिरोह के एक-एक सदस्य को दबोचने में जुटी हुई है। फिलहाल इस मामले में लगातार पूछताछ जारी है। बुधवार को पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी के बाद जेल भेजने की कार्रवाई करेगी। पुलिस सूत्रों की माने तो हिरासत में लिए गए लोगों ने पूछताछ में बताया है कि वे ओडिशा के कटक से गांजा लेकर बिहार जा रहे थे। हिरासत में लिए गए सभी लोग बिहार के बताए जा रहे हैं।
एसपी प्रियंका मीना को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुडू थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। सूचना मिलने के बाद एसपी ने कुडू थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीम कई स्थानों पर वाहन जांच और छापेमारी में जुट गई थी। ट्रक संख्या यूपी 67टी-1833 पर संदेह होने पर पुलिस की टीम ने रो कर पूछताछ और ट्रक की जांच शुरू की तो ट्रक से 550 किलो गांजा बरामद हुआ। इस ट्रक के साथ एक स्कार्पियो वाहन संख्या बीआर03पीए-8453 भी चल रहा था। इस वाहन में सवार लोग ट्रक की निगरानी कर रहे थे। जिससे की वह ट्रक को सुरक्षित रूप से पुलिस की नजर से बचा सकें। बावजूद इसके इतनी बड़ी सफलता पुलिस के हाथ लगी है। पुलिस ने गांजा लदे ट्रक के अलावा एक स्कार्पियो को भी जब्त कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।