वैक्सीनेशन में कोताही नहीं बरतें, मास्क जांच अभियान चलाएं : डीडीसी
संवाद सूत्र कुडू (लोहरदगा) उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक कुमार सिन्हा ने बुधवार को टीकाकरण का निरीक्षण किया।
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक कुमार सिन्हा ने बुधवार को कुडू प्रखंड में चल रहे कोरोना वैक्सीनेशन, मास्क जांच अभियान का निरीक्षण किया। सरकारी तथा गैर सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर बगैर मास्क के आने वाले ग्रामीणों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। डीडीसी अखौरी शशांक कुमार सिन्हा कुडू पहुंचकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभी शाखाओं का निरीक्षण किया। डीडीसी ने बीडीओ मनोरंजन कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि वैक्सीनेशन में कोई लापरवाही न हो। मास्क जांच को लेकर लगातार अभियान चलाएं। जो लोग लापरवाही कर रहे हैं, उनपर कार्रवाई करें। बिना मास्क पहने किसी भी अधिकारी, कर्मचारी तथा ग्रामीण को कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दें। बगैर मास्क पहने काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों की पहचान करते हुए जुर्माना वसूली से लेकर आवश्यक कार्रवाई किया जाए। इसके बाद डीडीसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां वैक्सीनेशन कार्य किया जा रहा था। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. सुलामी होरो से मामले की जानकारी लेने के बाद निर्देश दिया कि 45 साल से लेकर 59 साल तक के ग्रामीणों का वैक्सीनेशन नहीं छुटना चाहिए। वैक्सीनेशन कार्य में कोताही नहीं बरतें। कुडू सीएचसी में 45 साल से ऊपर आयु वाले ग्रामीणों का शिविर लगाकर वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मास्क चेकिग अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर पहुंचे डीडीसी ने मास्क चेकिग अभियान में शामिल अधिकारियों तथा पुलिस जवानों को निर्देश दिए कि बिना मास्क पहन कर दोपहिया व चार पहिया वाहनों पर चलने वाले ग्रामीणों, वाहन चालकों से जुर्माना वसूला जाए। कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस के शत-प्रतिशत पालन जरूरी है। इसके बाद डीडीसी ने प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में लगे कोरोना वैक्सीनेशन कार्य का जायजा लिया। मौके पर बीडीओ मनोरंजन कुमार, सीओ प्रवीण कुमार सिंह, सीआई अनंत विश्वकर्मा, थाना के पुलिस अधिकारी तथा जवान मौजूद थे।