वोट हमारा अधिकार, बनाएंगे मजबूत सरकार
लोहदगा में चुनावी चौपाल का आयोजन
संवाद सूत्र, कुडू (लोहरदगा) : मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए वोटर अब सजग होने लगे हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण को लेकर मतदान की अहमियत अब समझ में आने लगी है। लोगों में जागरूकता लाने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर दैनिक जागरण की ओर से बुधवार को पूर्व प्रखंड मुख्यालय में इस बार वोट झारखंड के लिए विषयक परिचर्चा का आयोजन किया गया। जिसमें मतदाताओं ने खुलकर कहा कि लोकतंत्र में वह अपने अधिकार को जानते हैं। इस बार एक मजबूत सरकार बनाएंगे। हम सभी को अपने लोकतांत्रिक संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग होना चाहिए। वोट देना हर नागरिक का दायित्व है। सही और बेहतर प्रत्याशी का चयन करने को लेकर वे समर्पित और संकल्पित हैं। लोगों का उत्साह चुनावी परिचर्चा में देखते ही बन रहा था। फोटो संख्या- 3
समस्याओं की सूची काफी लंबी है। प्रयास और सफलता को लेकर एक ठोस सोच का होना जरूरी है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में प्रतिनिधियों को सकारात्मक रूप से काम करना होगा। आम जरूरत की योजनाओं को प्राथमिकता देनी होगी।
मोहन राम, कुडू, लोहरदगा। फोटो संख्या- 4
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसी जरूरतें आज भी पूरी नहीं हो पा रही है। इन क्षेत्रों में काफी सुधार की आवश्यकता महसूस होती है। आने वाली पीढ़ी को बेहतर कल देने के लिए काम करना जरूरी है। एक शिक्षित और समर्पित प्रत्याशी ही इन मुद्दों को लेकर काम कर पाएगा।
शशि साहू, कुडू, लोहरदगा। फोटो संख्या- 5
क्षेत्र में स्वास्थ्य की बेहतरी सबसे अहम जरूरतों में से है। डॉक्टरों का उपलब्ध नहीं हो पाना काफी दुर्भाग्यपूर्ण बात है। कई बड़ी योजनाएं अधूरी पड़ी हुई है। लोग छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पलायन करने को विवश हो जाते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों में सबसे अधिक ध्यान देना होगा।
विकास चंद्र अग्रवाल, कुडू, लोहरदगा। फोटो संख्या-6
यदि हमने अपना दायित्व सही ढंग से नहीं निभाया तो किसी को भी दोष देने से कोई फायदा नहीं है। समस्याओं को तभी कम किया जा सकता है, जब हम इन समस्याओं को खत्म करने को लेकर एक मजबूत कंधों पर जिम्मेदारी सौपेंगे। क्षेत्र का विकास नहीं होने पर संबंधित प्रतिनिधि को दोष देते हैं।
कपिद्र महतो, कुडू, लोहरदगा।