सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना जरूरी : पीडीजे
लोहरदगा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
जासं, लोहरदगा : व्यवहार न्यायालय परिसर में सोमवार को न्यायिक पदाधिकारियों व कर्मियों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। मौके पर न्यायिक कर्मियों को ईवीएम व वीवीपैट की जानकारी दी गई। साथ हीं सभी को मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। मौके पर मुख्य प्रशिक्षक कैरो प्रखंड के कृषि पदाधिकारी सुनील चंद्र कुंवर ने न्यायिक पदाधिकारी व कर्मियों को मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। मौके पर पीडीजे राजेंद्र कुमार जुमनानी ने कर्मियों को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और दूसरों को भी मतदान के लिए जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनी हुई सरकार का ही महत्व होता है, जिनके सामने आप अपनी समस्याओं को रख सकते हैं। इसलिए मतदान जरूर करे, और अच्छी सरकार के चयन में अपना योगदान दें। मौके पर व्यवहार न्यायालय कर्मी व न्यायिक पदाधिकारी मौजूद थे।