लोहरदगा: सेना के जवान की पत्नी की हत्या की आरोपित महिला गिरफ्तार Lohardaga News
Jharkhand. पुलिस ने चचेरी बहन के साथ घटना में शामिल सहेली को भी गिरफ्तार किया है। मृतका राजधानी उरांव के देवर अशोक उरांव से हत्या की आरोपी फुलमनी का प्रेम-प्रसंग था।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के कुंदो गांव में विगत 7 सितंबर की देर रात सेना के जवान की पत्नी राजधानी उरांव (19) की हत्या के आरोपित चचेरी बहन फुलमनी उरांव सहित एक अन्य सहयोगी को भंडरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एसपी प्रियदर्शी आलोक ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि मृतका राजधानी उरांव के देवर अशोक उरांव से उसकी चचेरी बहन फुलमनी उरांव का प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
फुलमनी उरांव कुडू थाना अंतर्गत ननतिलो गांव के सनीचरवा उरांव की पुत्री है। प्रेम-प्रसंग का विरोध राजधानी उरांव करती थी। इसके बाद मृतका की चचेरी बहन फुलमनी उरांव ने अपने एक अन्य सहेली के साथ मिलकर विगत 7 सितंबर की रात राजधानी उरांव की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में भंडरा थाना पुलिस कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।