मनाई गई मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती
लोहरदगा में अबुल कलाम आजाद की जयंती मनाई गई।
संवाद सूत्र, कैरो (लोहरदगा) : प्रखंड के उतका गांव में मौलाना आजाद वेलफेयर सोसायटी द्वारा स्वतंत्रता सेनानी व देश के पूर्व शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की 131वीं जयंती मनाई गई। सोसायटी के अध्यक्ष जावेद अख्तर ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में मौलाना आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार बल्लभ भाई पटेल के साथ-साथ मौलाना अबुल कलाम आजाद ने आजादी के आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेकर अंग्रेजों को देश छोड़ने को मजबूर कर दिया था। टू-नेशन थ्योरी को सिरे से नकार कर उन्होंने आजाद भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में देश के नौजवानों और छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य निर्माण में अपनी पूरी ऊर्जा लगा दी थी। अपने लंबे समय तक रांची प्रवास के दौरान उन्होंने कई शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों का निर्माण किया। मौके पर जुबैर अंसारी, अजमूल अंसारी, क्यामुद्दीन अंसारी, मतलूब अंसारी, समसुल अंसारी, हुसैन अंसारी, हाफिज जिउल्लाह सहित कई बच्चे मौजूद थे।