जंगली हाथियों ने आधा दजनों घरों को किया क्षतिग्रस्त
संवाद सूत्र चंदवा रांची-लोहरदगा व लातेहार जिले के सीमाने पर स्थित थाना क्षेत्र के सुदरवर्ती
संवाद सूत्र, चंदवा : रांची-लोहरदगा व लातेहार जिले के सीमाने पर स्थित थाना क्षेत्र के सुदरवर्ती बरवाटोली पंचायत में जंगली हाथियों ने फिर आतंक फैलाया। कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखे अनाज को भी चट कर गए। रविवार की रात्रि जंगली हाथी ने प्रखंड के सुनील उरांव (पिता भरिया उरांव, टइंयाबर, जमुआरी, बरवाटोली), रामु महली (पिता स्व. कोलहा महली, जुमआरी) का घर क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ घर में रखे मक्का और अरहर को खा गया। सुरेन्द्र मुंडा (पिता भरिया मुंडा) के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। विधवा मोहुआ (पति स्व. रंगिया उरांव, टाटा) के घर को क्षतिग्रस्त करने के साथ कोविड-19 में मिले राशन के चावल को हाथी चट कर गए। सौभाग्य रहा कि किसी परिवार को कोई हानि नहीं पहुंची। सूचना के बाद बरवाटोली पंचायत समिति सदस्य राजू उरांव सभी पीड़ितों से मिलने उनके घर पहुंचे। हरसंभव सहयोग का आश्वास दिया। पंसस उरांव ने लॉकडाउन और पीड़ित परिवारों की स्थिति को देखते हुए तत्काल विभाग से मुआवजा राशि भुगतान की मांग की है। बता दें कि बरवाटोली पंचायत में जंगली हाथी का उत्पात अनवरत जारी है। कुछ-कुछ समय के अंतराल में कभी एक हाथी, कभी दो तो कभी चार हाथियों का समूह गांव पहुंचता है और फसलों तथा घरों को नुकसान पहुंचाता रहा है। ग्रामीणों की मानें तो विभाग द्वारा हाथियों को भगाने के लिए सार्थक पहल नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति लगातार बनी हुई है। ग्रामीण भय के साये में जीने को विवश हैं।