नारी क्रांति सेना की जिलाध्यक्ष बनीं प्रमिला
प्रखंड के सिकनी गांव में मानस उत्थान ट्रस्ट द्वारा संचालित नारी ।
संवाद सूत्र, चंदवा (लातेहार): प्रखंड के सिकनी गांव में मानस उत्थान ट्रस्ट द्वारा संचालित नारी क्रांति सेना की बैठक संपन्न हुई। बैठक में लातेहार नारी क्रांति सेना का गठन किया गया। संस्था के निदेशक विजय पाठक ने मौके पर कहा कि जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं। आधी आबादी नारी की महता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनके विकास के बिना समाज विकास की कल्पना भी संभव नहीं। वर्तमान समय में नारी ने अपनी विलक्षण प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जरूरत है कि हम अपने परिवार और समाज में उनका उत्साहवर्द्धन करें। बैठक के दौरान प्रमिला देवी को नारी क्रांति सेना का लातेहार जिला का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। संगठन का स्मृति चिह्न एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। बैठक में मौजूद महिलाओं के बीच मासिक धर्म व स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए समाज में नारी की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। नवमनोनीति जिलाध्यक्षा प्रमिला ने कहा कि महिलाओं की एकता के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी। प्रयास होगा कि जिले की सभी महिलाओं को नारी क्रांति सेना संगठन से जोड़ दिया जाए। कार्यक्रम में बतौर अतिथि मौजूद अंजना झा ने नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। बर्ष 2020 में मैट्रिक और इंटर में बेहतर प्रदर्शन करनेवालों को संस्था की ओर से सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया।