पलामू और नावागढ़ किले का किया जाएगा जीर्णोद्धार
जागरण संवाददाता लातेहार सदर प्रखंड के नावागढ़ स्थित नावागढ़ किले में मेदिनीराय युवा समिि
जागरण संवाददाता, लातेहार : सदर प्रखंड के नावागढ़ स्थित नावागढ़ किले में मेदिनीराय युवा समिति के द्वारा जन जागरण मेले का आयोजन किया गया। उपायुक्त अबू इमरान ने राजा मेदिनीराय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया। कहा कि नावागढ़ का किला पुरातात्विक और ऐतिहासिक धरोहर है। इसका संरक्षण जरूरी है। किले को संरक्षित करने की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन तक सीमित नहीं हो बल्कि प्रत्येक लोगों का कर्तव्य है कि अपनी धरोहर की सुरक्षा भी करें और संरक्षित भी। पलामू और नावागढ़ किले के जीर्णोद्धार के लिए पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही जीर्णोद्धर कार्य आरंभ होगा। उन्होंने राजा मेदिनीराय के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। बताया राजा मेदिनीराय अपनी प्रजा के बीच वेश बदल कर जाते थे एवं उनके सुख-दुख की जानकारी ले सच्चाई से अवगत होते थे। कार्यक्रम के दौरान चेरो समाज के लोगों द्वारा उपायुक्त अबू इमरान का स्वागत किया गया एवं विधिवत पूजा अर्चना कर मेला आरंभ किया गया। मौके पर एसडीएम शेखर कुमार, बीडीओ गणेश रजक,सीओ हरिश कुमार, नगर उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिन्हा, अवधेश कुमार सिंह चेरो, पूर्व मुखिया रामेश्वर सिंह ,बम शंकर सिंह, पंकज तिवारी, हरि ओम प्रसाद, रामअवतार चौधरी, लल्लू प्रसाद, राजीव रंजन पांडे, रवि कुमार द्विवेदी, प्रमोद सिंह, महावीर सिंह, मोहन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।
चेरो राजवंश का लगा शिलापट्ट
जिला प्रशासन की ओर से नवागढ़ किला में चेरो वंश के इतिहास जानने को लेकर शिलापट्ट लगाया गया है। गौरतलब हो कि चेरो वंश के सबसे प्रसिद्ध राजा मेदिनीराय थे, जिन्होंने 1658 से 1674 ई0 तक शासन किया। आज भी पलामूवासी मेदिनीराय के शासनकाल को चेरो-शासन के स्वर्ण युग के रूप में स्मरण करते हैं।