कोहरे ने रोकी रफ्तार, ठंड से कांपा जनजीवन
जागरण संवाददाता लातेहार जिले में लगातार तीसरे दिन भी कोहरा छाया रहा। कोहरे के का
जागरण संवाददाता, लातेहार : जिले में लगातार तीसरे दिन भी कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण वाहन रेंगकर चले तो वहीं दिन में ही वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर चलने के लिए विवश होना पड़ा। कोहरा इतना अधिक था कि सामने भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बीते दो दिनों की तुलना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा जरूर हुआ लेकिन सर्दी से कोई खास राहत नहीं मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। एक डिग्री पारा चढ़ा पर ठंड से राहत नहीं मिल सकी। सुबह छाए कोहरा के बाद दिनभर काले बादल छाए रहे जिससे बारिश का डर बना रहा। इधर किसान आसमान ताकते रहे। यदि अब बारिश और ओला गिरता है तो किसानों की मुसीबत और बढ़ जाएगी। शाम को शीत लहर चली, इस दौरान लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए। लोगों ने पूरे दिन अलाव का सहारा लिया और शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। गेहूं को फायदा, अन्य फसलों को नुकसान :
रविवार को बारिश थमने के बाद देर रात से ही कोहरा छाया गया, जो दूसरे दिन सोमवार शाम तक बना रहा। लेकिन जैसे-जैसे मौसम साफ हो रहा है कोहरा गहरा होते जा रहा है, साथ ही ठंड भी बढ़ रही है। किसानों ने बताया कि बारिश से जहा गेहूं की फसल को फायदा हुआ है, तो वहीं कोहरा व पाले से चना, मसूर, मटर, सरसों सहित बागवानी फसलों को नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ठंड व कोहरे के कारण चना, मसूर, व मटर की फसल में रोग लग सकता है। साथ ही फूलने के कगार पर पहुंच चुके दलहन व तिलहन फसलों के फूल कोहरा की मार से मुरझाकर झड़ सकते हैं। किसानों का कहना है आने वाले दिनों में यदि कोहरा छाया रहता है, तो खेती में लगी सब्जी फसल को भारी नुकसान हो सकता हैं। ओलावृष्टि से भी सब्जी की फसल प्रभावित हुई है। ऐसे में सब्जियों के दामों में उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।