तुलसी विवाह की हर ओर रही धूम
जिले में शुक्रवार की रात को तुलसी विवाह धूमधाम के साथ आयोजित।
जागरण संवाददाता, लातेहार : जिले में शुक्रवार की रात को तुलसी विवाह धूमधाम के साथ आयोजित हुआ। तुलसी विवाह के शुभ अवसर पर विभिन्न मंदिरों में भीड़ देखने को मिली। पूरे दिन महिलाओं ने व्रत रख कर विशेष पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए भगवान के चरणो में प्रार्थना की। जिला मुख्यालय लातेहार, चंदवा, बालूमाथ, बारियातू, हेरहंज, बरवाडीह, गारू, महुआडांड़ समेत सभी इलाके में तुलसी विवाह को लेकर सुबह से ही महिलाएं तुलसी की पूजा के लिए तैयारियों में जुटी हुई थी। बाजार पहुंच कर महिलाओं ने विशेष तौर पर गन्ना व पूजन सामग्री खरीदी। शाम होने पर महिलाओं ने तुलसी को रंग-बिरंगे रंगों से सजाने के साथ ही उस पर चित्रकारी की। इसके बाद तुलसी पर लाल चुनरी, गन्ना व ज्योत जला कर घर की सुख शांति की कामना की। महिलाओं ने तुलसी पर श्रृंगार सामग्री भी चढ़ाई। इसके बाद महिलाओं को तुलसी विवाह की कथा सुनाई गई। महिलाओं को विस्तार से बताया गया कि तुलसी विवाह के दिन व्रत रखने का महत्व क्या है और क्यों इस दिन व्रत रखना जरूरी है। मंदिरों व घरों में तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रात के समय अंत में तुलसी आरती व पूजन किया गया। पूजन को लेकर छोटे बच्चों में उत्साह चरम पर रहा।