चुनावी आहट के साथ ही टिकट की जुगत में नेता हुए रेस
विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में तेज हुई प्रशासनिक कवायद के बीच।
उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार : विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में तेज हुई प्रशासनिक कवायद के बीच पार्टियों से टिकट प्राप्त करने के लिए नेताओं की टोली रेस हो चुकी है। राजनीतिक दलों की ओर से विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाना शुरू कर दिया गया है। लेकिन सर्वाधिक चर्चा भारतीय जनता पार्टी को लेकर हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण है पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वालों की संख्या में वृद्धि। चुनाव के नजदीक आने के साथ ही खुद को पार्टी का सच्चा सिपाही बताकर टिकट की चाहत रखने वालों की संख्या में अचानक वृद्धि से पार्टी का प्रदेश नेतृत्व भी अचंभित है।
टिकट की दौड़ दिल्ली तक :
टिकट की लालसा लिए कुछ नेता जिला स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक अपनी उपस्थिति का अहसास करा रहे हैं। वहीं कुछ नेता प्रदेश के अलावा दिल्ली तक दौड़ लगाकर टिकट की जुगत लगा रहे हैं। पार्टी के वरीय नेताओं से मुलाकात के बाद वापस क्षेत्र में आने के साथ ही नेताजी भले ही टिकट के लिए आश्वस्त न हों लेकिन अपने समर्थकों को टिकट के लिए पूर्ण आश्वस्त कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल :
अचानक क्षेत्र में नेताओं का जमघट लगने लगा है। मांगलिक कार्य, जन्मदिन जैसे उत्सव हों या खेल प्रतियोगिता का मंच मौके को भुनाकर फोटो खिचवा कर उसे सोशल मीडिया में नेता और उनके समर्थकों की ओर से लगातार वायरल किया जा रहा है। पांच साल तक जनता के सुख-दुख से दूर रहने वाले नेताओं को अचानक जनता के कार्यों में सहभागी बनता देख कुछ लोग तंज कसने से भी बाज नहीं आ रहे। लेकिन अभी तंज कसने वालों का भी नेताजी बड़ी समझदारी के साथ उत्तर दे रहे हैं।
लातेहार में भाजपा छोड़ दूसरे दल कम सक्रिय :
हालिया दौर में भाजपा की ओर से चुनावी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वालों की संख्या भले ही अधिक हो लेकिन पार्टी ने अब तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। इस विधानसभा में भाजपा को छोड़कर अन्य राजनीतिक दलों की तैयारियों ने जोर नहीं पकड़ा है। विपक्षी दल झामुमो की ओर बदलाव यात्रा कार्यक्रम का आयोजन जरूर किए लेकिन इसके अलावा अन्य दलों की ओर से चुनावी कवायद अपेक्षाकृत कम नजर आ रही है।
मनिका में अधिक सक्रियता :
लातेहार विस क्षेत्र की तुलना में मनिका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के साथ ही दूसरे दल भी सक्रिय हैं। मनिका विधानसभा से भाजपा के विधायक हरिकृष्ण सिंह हैं। यहां पार्टी की ओर से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है, ऐसे में कई लोग पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त कर चुके हैं। भाजपा से मनिका सीट के लिए टिकट की चाहत रखने वाले नेता मीडियाकर्मियों से मुलाकात कर अपनी इच्छा बात चुके हैं। वहीं यहां कांग्रेस पार्टी अधिक चर्चा में है, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुनेश्वर उरांव कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की चाहत रखते हैं। लेकिन कुछ समय पूर्व ही राजद के पूर्व मनिका विधायक रामचंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए। एक सप्ताह पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष कांग्रेस नेता अजीत पाल कुजूर ने भाजपा का दामन थाम लिया। इसी बीच कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुनेश्वर उरांव की राजद नेताओं के साथ रांची रिम्स में भर्ती लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करने जाते हुई वीडियो वायरल हुई। इसी सीट पर अब तक भाजपा, कांग्रेस और राजद के बीच अच्छा चुनावी संघर्ष देखने को मिला है। फिलवक्त मनिका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अलावा कांग्रेस एवं राजद की ओर भी लोगों की निगाहें जमी हैं कि पार्टी की ओर से किसी प्रत्याशी बनाया जाता है।