गोलियों से नहीं, मंत्रोच्चार से गूंजा नक्सलीगढ़ रोल गांव
रांची व लातेहार जिले की सीमा पर स्थित महुआमिलान-रोल गांव ।
उत्कर्ष पाण्डेय, लातेहार : रांची व लातेहार जिले की सीमा पर स्थित महुआमिलान-रोल गांव को पहले नक्सलीगढ़ के रूप में जाना जाता था। लेकिन ग्रामीणों में आई जागरूकता के कारण बीते कुछ वर्षों से अब यहां के हालात बदल चुके है। हिसा-प्रतिहिसा की नक्सल गतिविधियों से इस इलाके के लोग अब बाहर निकल कर मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं। नवरात्र में दस दिनों तक गोलियों की तड़तड़ाहट के बदले इस इलाके में वेद मंत्रों की स्वच्छ ध्वनि गूंजती रही। इससे इलाका भक्ति के वातावरण में सराबोर रहा है, दस दिनों तक लोग भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
खुद से बनाया पूजा पंडाल :
दुर्गा मंडल रोल महुआमिलान नामक संस्था के बैनर तले होने वाली पूजा के दौरान लोगों ने खुद से ही पंडाल का निर्माण किया है। पंडाल निर्माण में प्रयुक्त होने वाले बांस, लकड़ी, कपड़े आदि सामान भी ग्रामीणों का अपना है। यहां पंडाल निर्माण से लेकर अन्य कार्यों के लिए कारीगर नहीं बुलाए जाते। गांव के लोग खुद के हुनर से पंडाल का निर्माण ही नहीं करते बल्कि पूरे दस दिन पूरी तन्मयता से पूजन कार्य में सहयोग करते हैं। ग्रामीणों के इस कार्य की आसपास के गांवों में भी सराहना होती है।
ग्रामीण दे रहे मानवता सेवा की प्रेरणा :
इस गांव में बने पूजा पंडाल में आस-पास के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण पूजन के लिए पहुंचे। पहाड़ों के बीचो-बीच स्थित इस गांव में दुर्गा पूजा के दौरान लोगों ने स्वच्छता का भी संकल्प लिया। खास बात यह रही कि पूजा अवधि बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों ने श्रमदान कर पूरे परिसर को साफ किया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने किया जतरा का उद्घाटन :
अपने पैतृक गांव महुआमिलान - रोल में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता लाल प्रतुल नाथ शाहदेव, लाल अजीत नाथ शाहदेव एवं वरीय अधिवक्ता लाल अरविद नाथ शाहदेव ने संयुक्त रूप से विजयादशमी के मौके पर आयोजित जतरा मेला का उद्घाटन किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आज के दौर में लोग अपनी संस्कृति भूलते जा रहे हैं। लेकिन गांवों में आज भी पुरानी संस्कृति जीवंत है, इस संस्कृति को संरक्षित करने की जरूरत है। मुझे खुशी है कि इस दिशा में स्थानीय ग्रामीण सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। अधिवक्ता अरविद शाहदेव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से समाज के लोगों में एकजुटता बनी रहती है, और आपसी प्रेम की भावना प्रगाढ़ होती है। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता समेत अन्य अतिथि मांदर की थाप पर काफी देर तक थिरकते रहे। इस मौके पर रोहित शाहदेव, राहुल शाहदेव, रमेश प्रसाद, संजय प्रसाद, विजय सिंह, आशीष सिंह, बैजू मुंडा, राजेंद्र साव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।