लातेहार में महिला थाना का दारोगा रंगे हाथ 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने दबोचा Latehar News
महिला की ओर से दी गई जानकारी के बाद एसीबी की टीम लातेहार पहुंची और रिश्वत लेते हुए एएसआई को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
लातेहार, जेएनएन। लातेहार महिला थाने के एएसआई को एसीबी की टीम ने रिश्वत की रकम के साथ बुधवार को गिरफ्तार किया। दहेज प्रताड़ना के एक मामले में ठोस कार्रवाई करने के लिए 10 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए लातेहार महिला थाना के एएसआइ राजेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। एसीबी के डीएसपी ने बताया कि लातेहार थाना क्षेत्र की एक महिला ने दहेज प्रताड़ना के मामले में महिला थाना में अपने पति के खिलाफ दो माह पहले मामला दर्ज कराया था।
शनिवार को महिला थाना के एएसआइ राजेन्द्र प्रसाद ने उसके पति को बिहार से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने के बाद एएसआइ ने आवेदिका से संपर्क किया और केस मजबूत बनाने के लिए रिश्वत की मांग की। कहा कि रिश्वत में 10 हजार रूपये दोगी तो केस मजबूत बना देंगे, नहीं तो उसके पति को जल्द जमानत मिल जाएगी। डीएसपी ने बताया कि आवेदिका ने बताया है कि कई बार महिला थाना के एएसआइ से मजबूत केस बनाने का आग्रह किया, लेकिन एएसआइ रिश्वत लेकर ही काम करने का दबाव बनाता रहा।
इसके बाद महिला द्वारा इस संबंध में एसीबी को मामले की जानकारी दी गई। महिला की ओर से दी गई जानकारी के बाद एसीबी की टीम लातेहार पहुंची और रिश्वत लेते हुए एएसआई को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। इधर मामले की सूचना से जिले भर के पुलिस महकमे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।