हर मोर्चे पर फेल है हेमंत सरकार : पूर्व विधायक
संवाद सूत्र मनिका मनिका थाना क्षेत्र के हेसातू गांव में जगलाल भुइयां के पांच वर्षीय पुत्री निम्मी
संवाद सूत्र, मनिका : मनिका थाना क्षेत्र के हेसातू गांव में जगलाल भुइयां के पांच वर्षीय पुत्री निम्मी कुमारी की भूख से मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर सोमवार को मनिका के पूर्व विधायक हरिकृष्णा सिंह और भाजपा आदिवासी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रघुपाल सिंह के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधि मंडल भुक्त भोगी परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। जांच के बाद पूर्व विधायक ने कहा कि मनिका के प्रखंड विकास पदाधिकारी रात 11 बजे पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें राशन और कुछ पैसे उपलब्ध कराते हैं, क्योंकि मामला भूख से मौत संबंधित था तो प्रखंड विकास पदाधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए उसका पोस्टमार्टम क्यों नहीं करवाया। बच्ची की मौत भूख से हुई है। लेकिन प्रशासन इस पर लीपापोती करने में लगे हुए है। पूर्व विधायक ने कहा कि जेएमएम और कांग्रेस की सरकार हर मोर्चे पर फेल है। केंद्र सरकार की ओर से गरीबों के लिए भेजी जा रही राशन को भी सही लाभुकों तक नहीं पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खुद को गरीबों की हितैषी साबित करने वाली यह सरकार गरीबों का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने कहा कि बच्ची की मौत की जांच उच्च स्तरीय कमेटी से कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि बच्ची की मौत बीमारी से हुई है तो प्रशासन उसके शव का पोस्टमार्टम कराना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पूछताछ में मृतक बच्ची की मां ने बताया कि घर में राशन का एक दाना नहीं था। दो दिनों से घर में चूल्हा नहीं जल रहा था। कई बार मुखिया के पास भी राशन के लिए गई थी, लेकिन मुखिया ने भी राशन नहीं दिया गया। उन्होंने इसकी जांच उच्च स्तरीय कमेटी से कराने की मांग की है।