झारखंड के लातेहार में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
झारखंड में लातेहार के महुआडांड़ सहित आसपास के इलाके में बीते एक पखवाड़े से नक्सलियों की मूवमेंट काफी बढ़ गई थी।
लातेहार, जागरण संवाददाता। झारखंड में लातेहार जिले के नेतरहाट थाना क्षेत्र के केराखांड़ जंगल में गुरुवार को सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।
एसपी प्रशांत आनंद ने इस बावत पूछे जाने पर बताया कि इलाके में सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम केराखांड़ जंगल में प्रवेश की और नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू करते हुए गोलीबारी शुरू की तो नक्सली गोलीबारी करते हुए जंगलों का लाभ उठाकर भागने लगे। एसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से अभियान जारी है। अभियान थमने के बाद ही विस्तृत रूप से कोई ठोस जानकारी दी जा सकेगी।
कुछ दिनों से बढ़ी है नक्सलियों की मूवमेंट
महुआडांड़ सहित आसपास के इलाके में बीते एक पखवाड़े से नक्सलियों की मूवमेंट काफी बढ़ गई थी। महुआडांड़ से सटे लोहरदगा जिले में आगजनीकरने के बाद तीन दिनों पूर्व महुआडांड़ सारोझरिया नदी पर चल रहे पुल निर्माण कार्य में लगी मशीनों और वाहनों को जला दिया था। इसके बाद पुलिस की ओर से इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। लंबे समय बाद इलाके में नक्सलियों के प्रवेश को पुलिसिया तंत्र पचा नहीं पा रहा है, लातेहार समेत आसपास के इलाके से नक्सलियों के सफाए के लिए एक बार फिर अभियान शुरू किया गया है।
हार्डकोर नीलिमा है पुलिस का टारगेट
विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि खुफिया तंत्र ने इलाके में हार्डकोर माओवादी नीलिमा का मूवमेंट होने की जानकारी मुख्यालय को दी थी। इसके बाद पुलिस ने नीलिमा को पकड़ने के लिए इलाके में सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर व जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम के साथ अभियान शुरू कर दिया। इसके लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवान जंगलों की खाक छान रहे हैं। बहरहाल गुरुवार को गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।